दमोह। नए साल के अवसर पर दमोह शहर की दरिद्र नारायण भोज संस्था द्वारा गरीबों और जरूरतमंदों को भरपेट भोजन कराया गया। गुरुवार दोपहर बस स्टैंड के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भोजन ग्रहण किया और संस्था के सेवा कार्यों की सराहना की। यह भोजन वितरण कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार चला।
दरिद्र नारायण भोज संस्था पिछले 26 वर्षों से निरंतर गरीबों को प्रतिदिन भोजन कराने का कार्य कर रही है। संस्था द्वारा पितृ पक्ष के अवसर पर भी विशेष रूप से बड़े स्तर पर आयोजन किए जाते हैं, साथ ही जरूरतमंदों को कपड़े भी वितरित किए जाते हैं।
संस्था के अध्यक्ष अजय नामदेव ने बताया कि दमोह शहर के सहयोगी परिवारों की मदद से यह सेवा कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा, “गरीबों को भीख देने के बजाय उन्हें भोजन कराना चाहिए, इससे सच्ची आत्मिक शांति मिलती है।” इसी उद्देश्य को लेकर वर्ष 1999 में उन्होंने अपने कुछ साथियों के साथ दरिद्र नारायण भोज संस्था की स्थापना की थी।
कार्यक्रम में शामिल प्रेमलता नीलम ने बताया कि शुरुआत में संस्था से केवल 11 सदस्य जुड़े थे, लेकिन आज यह एक बड़े परिवार का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि गरीबों को भीख के बजाय भोजन कराना सबसे बड़ा दान है और सभी लोगों को इस दिशा में आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर अरुण टंडन, आर.बी. सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और नागरिक उपस्थित रहे। संस्था के इस सेवा भावपूर्ण आयोजन ने नए साल पर मानवता और करुणा का संदेश दिया।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..