नववर्ष व जन्मदिन पर एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी की मानवीय पहल..
पत्नी व बच्चों संग वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को दिया कंबलों व स्नेह का संबल..
दमोह।
नव वर्ष और अपने जन्मदिन के अवसर पर दमोह पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने एक सराहनीय और मानवीय पहल करते हुए अपनी पत्नी एवं बच्चों के साथ शहर के वृद्धाश्रम का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धजनों का हाल-चाल जाना और उन्हें ठंड से राहत के लिए कंबल, गर्म कपड़े, फल एवं मिठाइयाँ वितरित कीं।
एसपी सोमवंशी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि “मेरे दृष्टिकोण से समाज में वृद्धाश्रम का होना दुर्भाग्यपूर्ण है। जिनके घरों में बुजुर्ग हैं, उन्हें चाहिए कि वे अपने माता-पिता और बुजुर्गों को बुढ़ापे में अपने पास रखें। उन्हें इस तरह अकेला छोड़ देना उचित नहीं है।”
उन्होंने कहा कि पुलिस भी समाज का ही एक हिस्सा है और जनता से जुड़कर, जमीनी हकीकत को समझना पुलिस की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से पुलिस विभाग समय-समय पर ऐसे सामाजिक और मानवीय कार्यक्रम आयोजित करता है।
“हमारा मुख्य लक्ष्य जनता से सीधे जुड़ना और जरूरतमंदों की मदद करना है,”
एसपी सोमवंशी ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का निर्वहन हैं। उन्होंने पूर्व में हेलमेट वितरण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि “हमारा उद्देश्य सिर्फ हेलमेट बांटना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि हर दोपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनकर चले, ताकि उसकी जान सुरक्षित रह सके। जब ऐसा होगा, तभी हमारा उद्देश्य सफल माना जाएगा।”
वृद्धाश्रम में मौजूद बुजुर्गों ने एसपी परिवार के इस आत्मीय व्यवहार और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। बच्चों द्वारा बुजुर्गों से बातचीत और फल वितरित करने का दृश्य सभी के लिए भावुक कर देने वाला रहा।
इस अवसर पर सीएसपी एच.आर. पांडे, टीआई कोतवाली मनीष कुमार, वृद्धाश्रम व्यवस्थापक वीरेंद्र असाटी सहित पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूरे वातावरण में अपनत्व, सेवा और मानवीय संवेदनाओं की झलक देखने को मिली। यह पहल समाज को यह संदेश देती है कि प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ मानवीय जिम्मेदारियों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..