दमोह पुलिस की बड़ी उपलब्धि: दो माह में 251 गुम मोबाइल बरामद, 60 लाख की संपत्ति लौटाई..
गुम मोबाइल वापसी अभियान बना मिसाल, 2025 में अब तक 540 फोन रिकवर..
दमोह।
जिला पुलिस दमोह ने गुम हुए मोबाइल फोन की रिकवरी में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के नेतृत्व एवं साइबर सेल की विशेष पहल से बीते दो महीनों में 251 गुम मोबाइल फोन तलाश कर संबंधित आवेदकों को वापस किए गए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल मिलने पर आवेदकों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ नजर आया।
पुलिस अधीक्षक ने जबलपुर नाका स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस उपलब्धि का खुलासा करते हुए बताया कि सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से चलाए गए विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक कुल 540 गुम मोबाइल फोन रिकवर कर आवेदकों को लौटाए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 8 लाख रुपये है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया के मार्गदर्शन में साइबर सेल दमोह एवं जिले के समस्त थानों को गुम मोबाइल से संबंधित शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप पुलिस टीमों ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से मोबाइल फोन ट्रेस कर सफलतापूर्वक बरामद किए।
अभियान के दौरान सीईआईआर पोर्टल के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया गया, साथ ही आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए गए। नए वर्ष में अपने गुम मोबाइल वापस पाकर आवेदकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सराहनीय योगदान
इस सफल अभियान में साइबर सेल दमोह की टीम का योगदान उल्लेखनीय रहा। टीम में टीआई नेहा गोस्वामी, प्रधान आरक्षक सौरभ टंडन, राकेश अठिया, नितिन, मयंक दुबे, रोहित राजपूत, अभिषेक कोष्टी, मनोहर कुर्मी सहित जिले के समस्त थानों के अधिकारी एवं कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीएसपी सौरभ त्रिपाठी एवं टीआई कोतवाली मनीष कुमार भी उपस्थित रहे। दमोह पुलिस की इस पहल को आम जनता ने सराहा है और इसे नागरिकों के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण बताया जा रहा है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..