नववर्ष पर टीम ‘उम्मीद’ के स्वच्छता अभियान में शामिल हुए दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर..
दमोह। नववर्ष के अवसर पर टीम ‘उम्मीद’ द्वारा आयोजित नौवें स्वच्छता अभियान में दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर ने सहभागिता कर स्वच्छता के प्रति प्रेरणादायक संदेश दिया। यह अभियान स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में सर्किट हाउस पहाड़ी पर आयोजित किया गया, जहां लगातार प्रयासों से पहाड़ी का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है।
यह सर्किट हाउस पहाड़ी पर टीम ‘उम्मीद’ का लगातार सातवां अभियान था। छठवें अभियान से ही पहाड़ी स्वच्छ और सुंदर दिखाई देने लगी थी। नववर्ष के कारण यहां कचरा बढ़ने की आशंका थी, लेकिन रविवार को जब टीम वहां पहुंची तो मात्र चार प्लास्टिक थैलियों का कचरा मिला तथा एक ट्रॉली सूखी व कंटीली झाड़ियां हटाई गईं।
स्वच्छता अभियान के दौरान पहाड़ी की बदली हुई तस्वीर देखकर कलेक्टर सुधीर कोचर प्रसन्न नजर आए। उन्होंने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिद और संकल्प के बल पर किसी भी स्थान का कायाकल्प किया जा सकता है। कलेक्टर ने जानकारी दी कि शीघ्र ही पहाड़ी पर सीसीटीवी कैमरे, डस्टबिन और बैरिकेड लगाए जाएंगे तथा नियमित निगरानी भी की जाएगी। उन्होंने सभी से इस स्वच्छता को बनाए रखने का आह्वान किया।
कलेक्टर कोचर ने टीम सदस्यों के साथ लंबी चर्चा करते हुए स्वयं प्लास्टिक का उपयोग न करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जटाशंकर पहाड़ी पर किए गए स्वच्छता कार्यों से टीम ‘उम्मीद’ ने लोगों के दिलों में विश्वास पैदा किया है।
अभियान के दौरान पहाड़ी पर भ्रमण के लिए आए छोटे बच्चों को कलेक्टर ने पेन व पुस्तकें भेंट कीं और उनसे संवाद भी किया। इसके साथ ही पहाड़ी से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए वन विभाग को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अभियान में टीम ‘उम्मीद’ से धर्मेंद्र सोनी, माधव पटेल, महेंद्र सिंह लोधी, शिवम सोनी, नैना तिवारी, डाली कटारे, अर्जुन प्रताप सिंह, जितेंद्र अहरवाल, योगेश सुमन, बृजेश ब्रिज, नरेंद्र सोनी, जन अभियान परिषद के जिला संयोजक सुशील नामदेव तथा नगर पालिका कर्मी असद शेख और माजिद शेख शामिल रहे।
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल ने बताया कि अगला स्वच्छता अभियान पुनः सर्किट हाउस पहाड़ी पर ही आयोजित किया जाएगा, जिसे एक नई पहल और नए स्वरूप में संपन्न किया जाएगा।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..