बुंदेलखंड फिल्म फेस्टिवल एवं फिल्म पर्यटन समागम
दमोह बनेगा मध्यप्रदेश का नया फिल्म टूरिज्म हब
दमोह |
विजनरी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी के सतत प्रयासों से मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इसी क्रम में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग, मध्यप्रदेश तथा जिला प्रशासन दमोह के संयुक्त तत्वावधान में 7 से 11 जनवरी 2026 तक बुंदेलखंड फिल्म फेस्टिवल एवं फिल्म पर्यटन समागम का भव्य आयोजन दमोह में किया जा रहा है।
यह पांच दिवसीय महोत्सव न केवल फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि बुंदेली भाषा, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल सिद्ध होगा।
सिनेमा जगत की दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी…
इस प्रतिष्ठित आयोजन में भारतीय सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता श्री रघुवीर यादव, श्री मुकेश तिवारी, श्री इस्तियाक खान एवं श्री गोविंद नामदेव मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे। इन दिग्गज कलाकारों की उपस्थिति से युवा कलाकारों, फिल्म विद्यार्थियों एवं स्थानीय रचनाकारों को प्रत्यक्ष संवाद और मार्गदर्शन का अवसर मिलेगा।
फिल्म निर्माण से लेकर मार्केटिंग तक ज्ञानवर्धक सत्र…
7 से 9 जनवरी तक फिल्म निर्माण, निर्देशन, अभिनय, पटकथा लेखन एवं सिनेमा उद्योग में करियर की संभावनाओं पर केंद्रित व्याख्यान, संवाद सत्र और अनुभव साझा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
वहीं 10 एवं 11 जनवरी को कला मित्रों, युवाओं और फिल्म निर्माण में रुचि रखने वालों के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनमें फिल्म निर्माण की तकनीकी बारीकियों, प्रोडक्शन मैनेजमेंट एवं फिल्म मार्केटिंग जैसे व्यावहारिक विषयों पर गहन प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
सर्वसाधारण के लिए सांस्कृतिक उत्सव…
महोत्सव के अंतर्गत 10 जनवरी को दोपहर 3 बजे से सर्वसाधारण हेतु निःशुल्क प्रवेश के साथ प्रदर्शनी अवलोकन, बुंदेली सिनेमा का प्रदर्शन तथा शाम 6 बजे से रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन होगा।
इसी क्रम में 11 जनवरी को दोपहर 12 बजे से पुनः निःशुल्क प्रदर्शनी, बुंदेली फिल्मों का प्रदर्शन, उसके पश्चात अवार्ड सेरेमनी एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
दमोह को फिल्म टूरिज्म का केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम..
राज्य मंत्री श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दमोह एवं बुंदेलखंड अंचल को फिल्म निर्माण के लिए उपयुक्त लोकेशन के रूप में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय फिल्मकारों के समक्ष प्रस्तुत करना है। इसके तहत लाइन प्रोड्यूसर्स और फिल्म यूनिट्स को स्थानीय शूटिंग सुविधाओं, परमिशन प्रक्रिया, लॉजिस्टिक सपोर्ट, स्थानीय कलाकारों की उपलब्धता तथा अन्य संसाधनों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बुंदेली लोक कला, संगीत, नृत्य, खान-पान और परंपराओं को फिल्म पर्यटन से जोड़कर सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को नया आयाम मिलेगा।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार और पहचान
यह महोत्सव स्थानीय युवाओं को फिल्म उद्योग से जोड़ने, स्थानीय मानव संसाधन को विकसित करने, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा दमोह को फिल्म टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
भविष्य की मजबूत नींव..
बुंदेली भाषा और संस्कृति को डिजिटल माध्यमों के जरिए वैश्विक पहचान दिलाने, बुंदेलखंड फिल्म कॉरिडोर की आधारशिला रखने और भविष्य में वार्षिक “बुंदेलखंड फिल्म फेस्टिवल” की परंपरा विकसित करने की दिशा में यह आयोजन एक दूरदर्शी और ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..