बेहतर दमोह और विकसित भारत के लिए निरंतर समीक्षा आवश्यक: सांसद राहुल सिंह लोधी..

Spread the love

बेहतर दमोह और विकसित भारत के लिए निरंतर समीक्षा आवश्यक: सांसद राहुल सिंह लोधी..
दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की गहन समीक्षा..
दमोह |
जिले के समग्र विकास, बेहतर दमोह और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर निरंतर समीक्षा एवं संवाद की आवश्यकता है। यह प्रक्रिया सतत है और इसी उद्देश्य से प्रत्येक तीन माह में दिशा समिति की बैठक आयोजित की जाती है। उक्त विचार जिले के सांसद राहुल सिंह लोधी ने कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में व्यक्त किए।


सांसद श्री लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के आह्वान को जिले में जमीन पर उतारा गया है। जबेरा क्षेत्र में बुंदेलखंड के पारंपरिक महुआ से कुकीज का निर्माण जनजातीय स्व-सहायता समूहों द्वारा प्रारंभ किया गया है। आने वाले समय में इसके विपणन की भी ठोस व्यवस्था की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।


मेडिकल कॉलेज पूर्णता की ओर, नर्सिंग कॉलेज भी शीघ्र..


सांसद ने बताया कि दमोह मेडिकल कॉलेज का भवन कार्य अंतिम चरण में है और आगामी वर्ष इसे पूर्ण कर हैंडओवर किया जाएगा। इसके साथ ही नर्सिंग कॉलेज भी प्रक्रिया में है और अगले दो-तीन महीनों में इसके आदेश जारी होने की संभावना है।


उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसका प्रारंभिक सर्वे कार्य जारी है और प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बुंदेलखंड के हर गांव तक पेयजल पहुंचाने का संकल्प सरकार ने लिया है।


गौशालाओं और खाद्य सामग्री की होगी सघन जांच..


सांसद श्री लोधी ने जिले की सभी गौशालाओं का औचक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। आगामी तीन माह तक विशेष अभियान चलाकर यह जांच की जाएगी कि गौ-वंश की संख्या वास्तविक है या नहीं तथा शासन से प्राप्त राशि का उपयोग सही ढंग से हो रहा है या नहीं। अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


इसी प्रकार खाद्य विभाग को निर्देश दिए गए कि मिठाई दुकानों की जांच वर्षभर निरंतर की जाए। यह निरीक्षण केवल त्योहारों तक सीमित न रहे, बल्कि दमोह, तेंदूखेड़ा, जबेरा सहित पूरे जिले में खोया, पनीर और दूध की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।


जल आपूर्ति योजनाओं की भी होगी जांच..


सांसद ने जिले की सभी नगरपालिकाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति के फिल्टर प्लांट्स एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित टंकियों की जांच हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ को एक सप्ताह में सभी फिल्टर पॉइंट्स की जांच पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
सांसद खेल महोत्सव रहा ऐतिहासिक


सांसद श्री लोधी ने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर आयोजित सांसद खेल महोत्सव में जिले की आठ विधानसभा क्षेत्रों से 8 हजार से अधिक बच्चों ने भाग लिया। पहली बार हुए इस आयोजन को व्यापक जनसमर्थन मिला और आने वाले वर्षों में इसे और बेहतर स्वरूप दिया जाएगा।


सड़क, शिक्षा और रोजगार पर विशेष फोकस


उन्होंने बताया कि गौड़ खनिज निधि से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के निर्माण के दो चरण पूरे हो चुके हैं और तीसरे चरण की तैयारी चल रही है।
दमोह–अभाना–जबेरा–कटंगी–जबलपुर सड़क परियोजना टेंडर प्रक्रिया में है, वहीं मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत दमोह-सागर रोड से शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा।
सांसद ने जी रामजी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अब मनरेगा के तहत 125 दिन रोजगार की गारंटी मिलने से गांवों की दिशा और दशा में बड़ा परिवर्तन आएगा।


परीक्षा पर चर्चा और राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम


बैठक में बताया गया कि 20 से 26 जनवरी के बीच जिलेभर में बच्चों के साथ संवाद एवं राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री 26 जनवरी को विद्यार्थियों से विशेष संवाद करेंगे, जिससे सकारात्मक माहौल बने और बेहतर परिणाम सामने आएं।


कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा कि दिशा समिति की बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जिले में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित रूप से देखने को मिलेगा।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com