सायबर अपराधों की रोकथाम हेतु नवाचार..
पुलिस–विद्यार्थी संवाद के तहत “सायबर वॉरियर” पाठ्यक्रम की शुरुआत..
गुरुनानक विद्यालय में एक माह की प्रशिक्षण शाला प्रारंभ..
दमोह।
सायबर अपराधों में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए दमोह पुलिस द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए पुलिस–विद्यार्थी संवाद (सामुदायिक पुलिसिंग) के अंतर्गत “सायबर वॉरियर” पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई है। यह एक माह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुनानक विद्यालय में प्रारंभ किया गया है।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक दमोह श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों, सायबर सेल दमोह की टीम एवं सायबर विशेषज्ञों की सहभागिता रहेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया द्वारा किए गए इस नवाचार के अंतर्गत विद्यालयों का चयन कर उनकी सहमति से एक माह का सिलेबस तैयार किया गया है, जिसके अनुसार प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा प्रोजेक्टर एवं व्यवहारिक (प्रैक्टिकल) कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सायबर अपराधों की जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का आयोजन गुरुनानक विद्यालय में किया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उपनिरीक्षक विकास सिंह (थाना प्रभारी जबेरा), सायबर सेल दमोह से प्रधान आरक्षक सौरभ टण्डन एवं राकेश आठ्या उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रथम सत्र में विद्यार्थियों को सायबर अपराधों की सामान्य जानकारी, उनसे बचाव के उपाय, वर्तमान समय में प्रचलित सायबर अपराध, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फेक कॉल, डिजिटल पेमेंट के दौरान आवश्यक सावधानियां, सीडीआर, केवाईसी, आईपीडीआर जैसे तकनीकी पहलुओं तथा सायबर ठगी से बचने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सत्र के समापन पर विद्यार्थियों को सायबर क्राइम, सोशल मीडिया आधारित अपराध, डिजिटल अरेस्ट एवं अन्य इंटरनेट आधारित अपराधों से परिचित कराया गया। साथ ही संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित, सतर्क एवं जिम्मेदार उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 120 से अधिक विद्यार्थी एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। संपूर्ण प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत “सायबर वॉरियर्स” विषय पर परीक्षा आयोजित की जाएगी तथा सफल विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
दमोह पुलिस द्वारा इसी तरह जिले के अन्य विद्यालयों से संपर्क स्थापित कर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का विस्तार करने की योजना बनाई गई है, जिससे विद्यार्थियों को सायबर चुनौतियों से निपटने के लिए जागरूक एवं सक्षम बनाया जा सके।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..