फिटनेस के बिना चलने वाले वाहनों पर होगी वैधानिक कार्रवाई — कलेक्टर कोचर..

Spread the love

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी के निर्देश, फिटनेस मानक पर नहीं उतरे वाहनों पर होगी कार्रवाई — कलेक्टर कोचर

ब्लैक स्पॉट और हॉट स्पॉट पर विशेष नजर, अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश..

दमोह। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में मैनिट द्वारा ई-मेल के माध्यम से प्रस्तुत 14 ब्लैक स्पॉट एवं हॉट स्पॉट लोकेशन की पृथक-पृथक रिपोर्ट पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने बताया कि हस्ताक्षरयुक्त रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत समिति द्वारा आवश्यक कार्रवाई एवं भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग सागर द्वारा दमोह–बटियागढ़ मार्ग पर स्थित 07 दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पेंच मरम्मत, रम्बल स्ट्रिप, थर्मोप्लास्टिक मार्किंग एवं साइनेज जैसे कार्यों का प्रतिवेदन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। इन क्षेत्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश निर्माण विभाग को दिए गए।
कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी वाहनों की फिटनेस जांच की जाए तथा फिटनेस मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही दमोह शहर स्थित घंटाघर क्षेत्र एवं अन्य प्रमुख चौराहों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रखने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए गए। उन्होंने नशामुक्ति एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता के लिए यातायात पुलिस, शिक्षा विभाग एवं पंचायत विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com