महाकाली बस्ती का हिंदू सम्मेलन मां बड़ी देवी प्रांगण में संपन्न..दीनदयाल नगर, न्यू दमोह बस्ती में भी हिंदू सम्मेलन संपन्न..राधा रमन बस्ती में विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजित..

Spread the love


महाकाली बस्ती का हिंदू सम्मेलन मां बड़ी देवी प्रांगण में संपन्न..
धर्म, संस्कृति, संगठन और समरसता का दिया गया संदेश..


महाकाली बस्ती में हिंदू सम्मेलन का आयोजन मां बड़ी देवी प्रांगण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंडित श्रीमान आशीष दत्त कटारे, मुख्य वक्ता/भक्त के रूप में श्रीमान श्रवण जी भाईसाब (प्रांत सह प्रचारक), मातृशक्ति से मेघा ताम्रकार (प्रांत कार्यालय प्रमुख, राष्ट्र सेविका समिति) तथा समिति संयोजक राजीव अयाची मंचासीन रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ की गई, जिसमें 11 बार हनुमान चालीसा पाठ, गौ पूजन, कन्या पूजन, तुलसी पूजन एवं भूमि पूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम संयोजक राजीव अयाची ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए समाज में संस्कार, संगठन और समरसता के महत्व को रेखांकित किया।
मुख्य अतिथि पंडित आशीष दत्त कटारे ने अपने मार्गदर्शन में हिंदू धर्म एवं संस्कृति की महत्ता बताते हुए इसे जीवन पद्धति के रूप में अपनाने का आह्वान किया। मातृशक्ति से मेघा ताम्रकार ने अपने प्रेरक उद्बोधन में भारत के आदर्श चरित्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे आदर्श भरत जैसे साहसी बालक, गुरु गोविंद सिंह के वीर सपूत, रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई होलकर एवं जीजामाता हैं, जिन्होंने शिवाजी जैसे महापुरुष का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि भारतीय नारी अबला नहीं, बल्कि मां दुर्गा की उपासक है। उन्होंने धर्मांतरण, लव जिहाद जैसी घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए संस्कारवान परिवार निर्माण, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण एवं जाति-पाति से ऊपर उठकर समाज को एकजुट रखने का आह्वान किया।


मुख्य वक्ता श्रीमान श्रवण जी भाईसाब ने कहा कि हिंदू सम्मेलन देश के प्रत्येक राज्य, नगर, ग्राम और बस्ती में आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 27 सितंबर 1925, विजयादशमी के दिन डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना रहा है। उन्होंने जालियांवाला बाग हत्याकांड, विभाजन काल, 1962 के युद्ध, राम मंदिर आंदोलन सहित विभिन्न ऐतिहासिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए स्वयंसेवकों की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जातियों में बंटकर समाज आगे नहीं बढ़ सकता, हमें अपनी संस्कृति, भाषा, वेश-भूषा की रक्षा के लिए संगठित रहना होगा। हिंदू समाज सर्वे भवन्तु सुखिनः की भावना से कार्य करता है और संगठित रहकर ही देश सुरक्षित रह सकता है।
कार्यक्रम में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। मंचीय कार्यक्रम के पश्चात समरसता भोज का आयोजन भी किया गया।


दीनदयाल नगर, न्यू दमोह बस्ती में भी हिंदू सम्मेलन संपन्न..


दीनदयाल नगर, न्यू दमोह बस्ती में आयोजित हिंदू सम्मेलन में मुख्य अतिथि श्रीमान दामोदर गुप्ता जी, संत समाज से पंडित श्री देवचरण चौराहा जी, मातृशक्ति से श्रीमती सीमा जाट जी (जिला संयोजिका, महिला समन्वयक) तथा मुख्य वक्ता श्री अभिनव जी (नगर सह कार्यवाह) उपस्थित रहे।


श्रीमती सीमा जाट जी ने अपने वक्तव्य में पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन एवं नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता श्री अभिनव जी ने समाज के सभी वर्गों को संगठित होने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि हिंदू समाज बंटेगा तो कमजोर होगा, इसलिए एकता ही शक्ति है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाया।

राधा रमन बस्ती में विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजित..

आरएसएस के 100 वर्ष पूर्ण होने पर हुआ आयोजन, पंच परिवर्तन पर दिया गया विशेष संदेश..

दमोह। राधा रमन बस्ती में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे हिंदू सम्मेलनों की श्रृंखला के अंतर्गत आज प्रातः काल एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ मातृ शक्तियों द्वारा कलश यात्रा निकालकर किया गया।कार्यक्रम के प्रथम चरण में मंडली द्वारा श्री हनुमान चालीसा का पाठ एवं भक्तांबर समिति द्वारा भक्तांबर पाठ संपन्न हुआ।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत धर्म जागरण प्रमुख श्री राघवेंद्र जी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में कथावाचक श्री किशोरी वैष्णवी गर्ग जी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में कमलेश्वरानंद जी महाराज मंचासीन रहे। राष्ट्रीय सेविका समिति से सविता उपाध्याय की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।मुख्य वक्ता श्री राघवेंद्र जी ने अपने उद्बोधन में पंच परिवर्तन को दैनिक जीवन में अपनाकर व्यक्ति निर्माण एवं समाज निर्माण पर विस्तार से प्रकाश डाला।

वहीं कथावाचक किशोरी वैष्णवी गर्ग जी ने हिंदुत्व के इतिहास एवं उसकी महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया।सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत छत्रछाया विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छता विषय पर नाट्य मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान हिंदू उत्सव समिति द्वारा कारसेवकों एवं गौसेवकों का सम्मान भी किया गया।

इस आयोजन में हिंदू उत्सव समिति के दीपेश उपाध्याय, अमरदीप जैन, लालू, विवेक अग्रवाल, नितिन चौरसिया, कपिल सोनी, मोनू राजपूत, राम जैन, टोनी राय, नीतू मलैया, पवन गुप्ता, पंकज राय, धीरज वर्मा, पटिया सेठ, लोकेश सहित महिला शक्ति से रश्मि वर्मा, डॉली जैन एवं राधा चौरसिया का विशेष सहयोग रहा।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाया।


About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com