26 जनवरी को जिला न्यायालय और जेल को बम से उड़ाने की धमकी
प्रधान जिला न्यायाधीश की सतर्कता से टली अनहोनी, गोपनीय जांच से थमी अफवाहें..
दमोह।
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को जिला न्यायालय दमोह और जिला जेल दमोह को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया था। यह धमकी जिला न्यायालय को भेजे गए एक पत्र के माध्यम से दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी ने तत्काल उच्च न्यायालय से पत्राचार कर स्थिति से अवगत कराया।
हाईकोर्ट की निगरानी में एटीएस एवं अन्य गोपनीय एजेंसियों द्वारा धमकी भरे पत्र की वास्तविकता की गहन जांच की गई। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए बम निरोधक दस्ता एवं सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहीं और पूरे मामले को अत्यंत गोपनीय रखा गया।
इसी दौरान 24 और 25 जनवरी को पोर्टफोलियो हाईकोर्ट जज राजेन्द्र कुमार वाणी के जिला न्यायालय दमोह दौरे के चलते सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई, जिससे न्यायालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में गहमागहमी का माहौल बना रहा। हालांकि, 26 जनवरी शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और कोई अप्रिय घटना या स्थिति निर्मित नहीं हुई।
गोपनीयता से रुका अफवाहों का दौर
चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल मनीष नगाइच ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधान जिला न्यायाधीश सुभाष सोलंकी की सूझबूझ, सतर्कता और गंभीरता के कारण इस संवेदनशील सूचना को 26 जनवरी तक आमजन से साझा नहीं किया गया, जिससे अफवाहों का दौर थमा रहा और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में बनी रही।
उन्होंने बताया कि धमकी भरा यह पत्र पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति ‘रॉय’ द्वारा भेजा गया था, जिसने स्वयं को टीएमसी समर्थक एवं अत्यंत गरीब बताते हुए पत्र में यह दावा किया था कि उसे जानकारी मिली है कि 26 जनवरी को जिला न्यायालय दमोह एवं जिला जेल को बम से उड़ा दिया जाएगा।
प्रदेश के अन्य जिलों को भी मिली थी धमकी
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इसी तरह के धमकी भरे पत्र प्रदेश के अन्य जिला न्यायालयों को भी प्राप्त हुए थे, जिसकी जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की गई।
प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों की सतर्कता और समय पर उठाए गए कदमों के चलते एक बड़ी संभावित अनहोनी टल गई और गणतंत्र दिवस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
26 जनवरी को जिला न्यायालय और जेल को बम से उड़ाने की धमकी..प्रधान जिला न्यायाधीश की सतर्कता से टली अनहोनी, गोपनीय जांच से थमी अफवाहें..


More Stories
जर्जर धर्मशाला को तत्काल खाली कराकर गिराने की मांग, हादसे की आशंका जताई..
ग्वाल बाबा मंदिर में हवन-पूजन के बाद निकली भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा..
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..