डायमंड सीमेंट्स पर लगाए गए आरोप निराधार और दुर्भावनापूर्ण — प्रबंधन..

Spread the love

डायमंड सीमेंट्स पर लगाए गए आरोप निराधार और दुर्भावनापूर्ण — प्रबंधन..
दमोह।
डायमंड सीमेंट्स (प्रो. हाइडलबर्ग सीमेंट इंडिया लिमिटेड) के प्रबंधन ने कंपनी पर लगाए जा रहे आरोपों को पूर्णतः असत्य, भ्रामक एवं दुर्भावनापूर्ण बताया है। कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि हाल ही में कुछ तथाकथित व्यक्तियों एवं समूहों — जिनमें द्रगपाल सिंह लोधी, मुकेश पटेल एवं उनके साथ जुड़े अन्य तत्व शामिल हैं — द्वारा लगाए गए आरोपों का उद्देश्य केवल कंपनी की प्रतिष्ठा को धूमिल करना एवं प्रबंधन पर अनावश्यक दबाव बनाना है।


प्रबंधन द्वारा जारी स्पष्टीकरण में बताया गया कि डायमंड सीमेंट्स इंडियन कंपनीज़ एक्ट 1956 के अंतर्गत पंजीकृत एक पब्लिक लिमिटेड कंपनी है, जिसके देशभर में कई प्लांट संचालित हैं। इनमें नरसिंहगढ़ गांव में क्लिंकर यूनिट एवं दमोह जिले के इमलाई गांव में ग्राइंडिंग यूनिट शामिल है। यह क्षेत्र की एकमात्र बड़ी औद्योगिक इकाई है, जो सैकड़ों स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्रदान कर रही है।


कंपनी प्रबंधन ने कहा कि संस्था विगत 45 वर्षों से अधिक समय से इस क्षेत्र में कार्यरत है और हमेशा लागू कानूनों, श्रम नियमों एवं नैतिक व्यापार आचरण का पालन करती आई है। कंपनी द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत निरंतर योगदान दिया जा रहा है।


प्रबंधन के अनुसार कंपनी समय-समय पर पात्रता, योग्यता एवं कानूनी प्रावधानों के अनुरूप स्थानीय नागरिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराती रही है। स्थानीय लोगों को रोजगार से दूर रखने की न तो कोई नीति है और न ही कोई मंशा। हालांकि, जबर्दस्ती या गैर-कानूनी तरीके से नौकरी की मांग को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।


कंपनी ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में कुछ व्यक्ति अवैध समूह बनाकर गैर-कानूनी रोजगार मांगें, प्रबंधन एवं कर्मचारियों को धमकाने तथा प्लांट परिसर एवं आसपास भय का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। तथाकथित “बेरोजगार युवा यात्रा” के नाम से परिपत्र जारी कर मीडिया के माध्यम से दबाव बनाने की कोशिश की गई, जो पूरी तरह अनुचित एवं गैर-कानूनी है।


डायमंड सीमेंट्स प्रबंधन ने दोहराया कि कंपनी कानून के दायरे में रहकर कार्य करती रहेगी और किसी भी प्रकार की धमकी, दबाव या अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com