दमोह में पत्रकारों का आक्रोश, एसपी को सौंपा ज्ञापन..
फरार आरोपी की गिरफ्तारी और सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग..
दमोह। जिले के समस्त पत्रकारों ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर 11 फरवरी 2026 को कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता एवं मारपीट की घटना में फरार चल रहे मुख्य आरोपी महेंद्र सिंह लोधी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पत्रकारों ने कहा कि घटना के संबंध में कोतवाली थाना में प्रकरण दर्ज होने के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि फरार रहते हुए भी आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय है और लगातार भड़काऊ, जातिगत वैमनस्य फैलाने वाली एवं सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा कर रहा है, जिससे जिले की शांति व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। पत्रकारों के अनुसार, घटना के बाद भी आरोपी का खुलेआम ऑनलाइन सक्रिय रहना पत्रकार समुदाय में असुरक्षा और रोष का कारण बन रहा है।

पत्रकारों ने मांग की कि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की जाए तथा साइबर सेल के माध्यम से उसकी सोशल मीडिया आईडी तत्काल ब्लॉक कराई जाए। साथ ही भड़काऊ पोस्ट साझा करने पर आईटी एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में अतिरिक्त कार्रवाई करने की भी मांग रखी गई।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो जिले के पत्रकार कलमबंद आंदोलन करने को मजबूर होंगे। मामला दमोह की कानून-व्यवस्था से जुड़ा बताते हुए पत्रकारों ने प्रशासन से त्वरित और कठोर कार्रवाई की अपेक्षा जताई।


More Stories
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश..जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही से करें काम : कलेक्टर यादव..
दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, 460 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना..
उद्योग विभाग के पीछे कच्ची शराब के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, जलती भट्ठियां मिलीं, बड़ी मात्रा में लहान नष्ट..