दमोह। पुलिस कर्मियों के कल्याण और उनके परिवारों को सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक, दमोह मुख्य शाखा द्वारा पुलिस वेतन पैकेज योजना के तहत स्वर्गीय आरक्षक श्री प्रदीप रैकवार के नामिती को ₹1 करोड़ (एक करोड़ रुपये) की दुर्घटना बीमा दावा राशि का भुगतान किया गया।
स्वर्गीय श्री प्रदीप रैकवार, जो कि रनेह थाना में पदस्थ थे, का कुछ माह पूर्व एक सड़क दुर्घटना में दुखद आकस्मिक निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन से परिवार पर आए आर्थिक संकट को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक द्वारा संचालित पुलिस वेतन पैकेज के अंतर्गत बीमा दावा प्रक्रिया पूर्ण कर आज यह राशि उनके परिजनों को प्रदान की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सौंपा गया बीमा दावा
दावा राशि का भुगतान पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दमोह में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय आरक्षक की माता श्रीमती सावित्री रैकवार को किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, दमोह मुख्य शाखा के मुख्य प्रबंधक आशीष रावत भी मौजूद रहे।
पुलिस कर्मियों के परिवारों के लिए संबल बनी योजना..
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कहा कि बैंक द्वारा पुलिस कर्मियों के लिए संचालित वेतन पैकेज एवं उससे जुड़ी बीमा सुरक्षा योजनाएं विपरीत परिस्थितियों में उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मी सदैव जोखिम भरी परिस्थितियों में कार्य करते हैं, ऐसे में इस प्रकार की योजनाएं उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने का मजबूत माध्यम बनती हैं।
विवेकपूर्ण उपयोग की दी सलाह..
पुलिस अधीक्षक सोमवंशी ने दिवंगत आरक्षक के परिजनों को प्राप्त बीमा राशि का विवेकपूर्ण एवं दीर्घकालिक हित में उपयोग करने की सलाह भी दी, ताकि यह सहायता आने वाले वर्षों में परिवार के लिए स्थायी सहारा बन सके।
बैंक की भूमिका की सराहना..
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भारतीय स्टेट बैंक की इस संवेदनशील पहल की सराहना की और कहा कि पुलिस वेतन पैकेज जैसी योजनाएं न केवल आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती हैं, बल्कि पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों में भरोसा और आत्मविश्वास भी बढ़ाती हैं।
यह आयोजन न केवल एक औपचारिक बीमा दावा भुगतान था, बल्कि यह संदेश भी था कि कर्तव्यपथ पर अपने प्राण गंवाने वाले पुलिस कर्मियों के परिवारों के साथ शासन-प्रशासन और बैंकिंग संस्थान मजबूती से खड़े हैं।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..