विधानसभा घेराव को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता, 24 फरवरी को भोपाल कूच..

Spread the love

विधानसभा घेराव को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता, 24 फरवरी को भोपाल कूच..
दमोह। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 24 फरवरी 2026, मंगलवार को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। यह घेराव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में किया जाएगा।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अजय टंडन ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते में कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क में संभावित कमी से मध्यप्रदेश के कपास, सोयाबीन और मक्का उत्पादक किसानों को गंभीर नुकसान हो सकता है। उन्होंने मांग की कि भारत–अमेरिका ट्रेड डील के संबंध में केंद्र सरकार विस्तृत श्वेत पत्र जारी करे, जिससे किसानों की आशंकाओं का समाधान हो सके।
पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनु मिश्रा ने कहा कि कलंकित मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राजेन्द्र शुक्ल और विजय शाह ने निर्दोष मौतों की जिम्मेदारी लेने के बजाय महिलाओं पर आपत्तिजनक बयान दिए हैं। ऐसे में नैतिकता के आधार पर इन मंत्रियों से तत्काल इस्तीफा लिया जाए अथवा उन्हें बर्खास्त किया जाए।
इस अवसर पर संजय चौरसिया, रजनी ठाकुर, परम यादव, प्रफुल्ल श्रीवास्तव, नितिन मिश्रा, वीरेन्द्र राजपूत, शमीम कुरैशी, डालचंद कुशवाहा, श्रीकांत पटेल, अजय जाटव और रियाज खान ने जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने साधनों से भोपाल पहुंचकर विधानसभा घेराव को सफल बनाएं। नेताओं ने यह भी बताया कि कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी शामिल होने की संभावना है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मध्यप्रदेश के किसानों के हितों की संवैधानिक और नीतिगत सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही भारतीय जनता पार्टी की केंद्र एवं प्रदेश सरकार को किसानों के लिए मूल्य सुरक्षा और आय संरक्षण की ठोस व्यवस्था लागू करनी चाहिए, न कि ऐसी नीतियां बनानी चाहिए जिनसे किसानों की आय पर नकारात्मक प्रभाव पड़े।
पत्रकार वार्ता के माध्यम से कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि विधानसभा घेराव किसान हितों और जन सरोकारों को लेकर निर्णायक आंदोलन होगा।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com