विशेष कर वसूली मेगा शिविर आज, 1 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य
सुबह 10 से शाम 6 बजे तक नगरपालिका परिसर में होगा आयोजन
दमोह।
नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार 25 फरवरी को प्रदेशभर में विशेष कर वसूली मेगा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगरपालिका परिषद दमोह को 1 करोड़ रुपये कर वसूली का लक्ष्य दिया गया है।
नगरपालिका द्वारा यह शिविर 25 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक नगरपालिका परिसर, मांगज वार्ड क्रमांक-03, दमोह में आयोजित किया जाएगा।
नगरपालिका के सीएमओ राजेन्द्र सिंह लोधी ने सभी वार्ड वसूलीकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के बकायादार करदाताओं से निरंतर संपर्क कर उन्हें शिविर में उपस्थित होकर कर जमा करने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समन्वय और सक्रियता के साथ कार्य करें, ताकि निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित हो सके।
भारतीय मजदूर संघ करेगा देशव्यापी धरना प्रदर्शन..
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों को लेकर दमोह में भी सहभागिता
दमोह।
भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर मजदूरों एवं कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर देशव्यापी विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
इस आंदोलन में भारतीय मजदूर संघ के अनुसांगिक संगठन मध्यप्रदेश राज्य संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जिला जिला चिकित्सालय दमोह की सक्रिय सहभागिता रहेगी।
संघ के जिला अध्यक्ष संदीप चौबे मंटू एवं जिला मंत्री दम्मू रजक ने बताया कि धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी शामिल होकर अपनी मांगें प्रमुखता से उठाएंगे।
इस अवसर पर कार्यकारिणी अध्यक्ष डॉ. एच.एस. सूर्यवंशी, उपाध्यक्ष कीर्ति मिश्रा, कोषाध्यक्ष छोटे लाल चौरसिया सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहेंगे।
युवा संगम कार्यक्रम में दमोह को प्रदेश में तीसरा स्थान
रोजगार आयुक्त ने कलेक्टर के नेतृत्व की सराहना की
दमोह।
रोजगार आयुक्त गिरीश शर्मा ने बताया कि कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के नेतृत्व में युवा संगम कार्यक्रम अंतर्गत जनवरी 2026 माह में जिले में रोजगार मेला, अप्रेंटिसशिप मेला एवं स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप दमोह जिले को प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। रोजगार आयुक्त ने कलेक्टर के नेतृत्व एवं जिला प्रशासन की टीम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी प्रयास जारी रखने की अपेक्षा जताई।
समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए 69 पंजीयन केंद्र
07 फरवरी से 07 मार्च तक किसान करा सकेंगे पंजीयन
दमोह।
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए जिले में कुल 69 पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि 07 फरवरी से 07 मार्च 2026 तक किसान पंजीयन कराया जा सकेगा। पंजीयन सप्ताह के कार्य दिवसों में किया जाएगा, रविवार एवं शासकीय अवकाश को छोड़कर।
किसान समिति स्तर, ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों पर निःशुल्क पंजीयन करा सकेंगे। एमपी किसान कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर एवं साइबर कैफे पर पंजीयन शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है।
पंजीयन के लिए आधार सत्यापन, बैंक खाता विवरण, मोबाइल नंबर एवं भूमि संबंधी जानकारी अनिवार्य रहेगी।
जुझार में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य समापन
हवन-पूजन, भंडारा एवं जलविहार यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
दमोह-देव श्री जागेश्वरनाथ धाम बांदकपुर के समीप जुझार गांव में व्यारमा नदी के पावन तट पर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का भव्य समापन हुआ।
कथा व्यास पंडित श्री शालिकराम पांडे के सान्निध्य में कथा का आयोजन किया गया, जबकि पंडित तेजेन्द्र तिवारी द्वारा हवन-पूजन संपन्न कराया गया।
समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें दमोह सहित आसपास के गांवों से आए लगभग 1800 श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की। इसके पश्चात डीजे की धुन पर रंग-गुलाल के साथ जलविहार यात्रा निकाली गई, जो व्यारमा नदी तट पर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..