अंडर-15 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में दमोह के कोच धर्मेंद्र वंशवर्ती बने रेफरी..
जबलपुर में निभाई निर्णायक की भूमिका, सागर संभाग को दिलाया गौरव..
दमोह।
मध्य प्रदेश एमेच्योर कुश्ती संघ के तत्वावधान में, भारतीय कुश्ती महासंघ से संबद्ध एवं मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित अंडर-15 बालक एवं बालिका राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता–2026 का आयोजन 21 फरवरी से 23 फरवरी तक पी. एन. टी. ग्राउंड, जबलपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दमोह जिले के चैनपुरा बजरिया नंबर-5 निवासी अंतरराष्ट्रीय NIS कुश्ती कोच पहलवान धर्मेंद्र वंशवर्ती ने रेफरी एवं निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके द्वारा निष्पक्ष, अनुशासित और तकनीकी दक्षता के साथ किए गए निर्णयों की आयोजकों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों द्वारा सराहना की गई।
धर्मेंद्र वंशवर्ती न केवल एक अनुभवी अंतरराष्ट्रीय स्तर के कुश्ती कोच हैं, बल्कि वे चैनपुरा बजरिया नंबर-5 स्थित कुश्ती अखाड़ा में युवा पहलवानों को नियमित प्रशिक्षण भी प्रदान कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में दमोह जिले के कई बालक एवं बालिका पहलवान राज्य एवं संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जैसे बड़े मंच पर रेफरी के रूप में चयनित होना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि इससे दमोह जिला एवं सागर संभाग का नाम भी प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि ऐसे अनुभवी कोचों की भागीदारी से कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल को नई पहचान मिल रही है।
स्थानीय खेल प्रेमियों, पहलवानों एवं समाजजनों ने धर्मेंद्र वंशवर्ती को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में दमोह जिले से और अधिक खिलाड़ी एवं अधिकारी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएंगे।
चाकूबाजों के विरुद्ध कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई..
अलग-अलग स्थानों से 03 आरोपी गिरफ्तार, धारदार चाकू जब्त..
दमोह।
जिले में अवैध शस्त्र रखने वालों एवं चाकूबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली दमोह पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक दमोह द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अवैध हथियार रखने वालों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में दिनांक 24 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में निरीक्षक मनीष कुमार, थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने दमोह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन व्यक्तियों को अवैध रूप से धारदार चाकू रखते हुए पकड़ा। आरोपियों के विरुद्ध क्रमशः अपराध क्रमांक 173/2026, 174/2026 एवं 176/2026 के तहत धारा 25(1-B)(b) आर्म्स एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
राधे मोहन गुप्ता, पिता गणेश प्रसाद गुप्ता, उम्र 24 वर्ष, निवासी उमा मिस्त्री की तलैया, नया बाजार नं. 1, दमोह
प्रेम उर्फ पुष्पेन्द्र ठाकुर, पिता खिलान ठाकुर, उम्र 19 वर्ष, निवासी महाकाली चौराहा, दमोह
पवन बेन, पिता महादेव बेन, उम्र 18 वर्ष, निवासी नया बाजार नं. 02, दमोह
जप्त मशरूका
आरोपियों के कब्जे से 03 लोहे के धारदार चाकू बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 600 रुपये बताई गई है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष कुमार के साथ उप निरीक्षक साहब सिंह, प्रधान आरक्षक अजित दुबे, देवेंद्र रैकवार, अभिषेक चौबे, महेश यादव, कलीम खान, आरक्षक नरेन्द्र पटैरिया, ब्रिजेन्द्र मिश्रा एवं आकाश पाठक की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
21 वाँ राष्ट्रीय नाट्य समारोह का शुभारंभ 26 से..
पांच दिवसीय आयोजन में राष्ट्रीय चेतना के साथ समसामयिक विषयों पर होगी प्रस्तुतियां
समारोह में मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय और मुंबई के कलाकार करेंगे मंचन
दमोह। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से युवा नाटक मंच के द्वारा 21वें राष्ट्रीय नाट्य समारोह का आयोजन 26 फरवरी 2026 दिन गुरुवार से नगर के अस्पताल चौक स्थित मानस भवन में किया जा रहा है। इस वर्ष नाट्य समारोह पांच दिवसीय होगा जिसमें प्रत्येक दिन अलग-अलग रंग संस्था द्वारा नाटकों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

26 फरवरी से 2 मार्च तक चलने वाले इस राष्ट्रीय नाट्य समारोह में इस वर्ष राष्ट्रीय चेतना, समसामयिक विषयों सहित भारतीय इतिहास की गौरवपूर्ण गाथाओं पर आधारित नाटकों का मंचन होगा। राष्ट्रीय नाट्य समारोह की प्रथम दिवस बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय जी की प्रसिद्ध कहानी आनंद मठ का मंचन किया जाएगा। मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय की इस प्रस्तुति में कहानी का नाट्य रूपांतरण राजीव श्रीवास्तव ने और निर्देशन राष्ट्रीय नाटक विद्यालय के संजय श्रीवास्तव द्वारा किया गया है। समारोह के दूसरे दिवस 27 फरवरी को पुनः मध्य प्रदेश नाटक विद्यालय के द्वारा लेखिका और टीवी अभिनेत्री समता सागर द्वारा रचित और संजय श्रीवास्तव द्वारा निर्देशित हास्य नाटक गुड़िया की शादी का मंचन किया जाएगा। 28 फरवरी शनिवार को सुरभि थियेटर ग्रुप मुंबई महाराष्ट्र के द्वारा प्रसिद्ध उपन्यासकार रामधारी सिंह दिनकर के द्वारा रचित नाटक रश्मिरथी का मंचन किया जाएगा जिसके निर्देशक हरीश हरिऔध हैं। समारोह के चौथे दिवस 1 मार्च को स्ट्रीट फैक्ट कल्चर एवं वेलफेयर सोसाइटी भोपाल के द्वारा वसीम अली और जैकी भावसार द्वारा लिखित नाटक लाछिया का मंचन किया जाएगा जिसका निर्देशन वसीम अली द्वारा किया गया है। समारोह के समापन दिवस पर युवा नाट्य मंच के द्वारा डॉ उमेश चौरसिया द्वारा लिखित और राजीव अयाची द्वारा निर्देशित नाटक लोकमाता अहिल्या की प्रस्तुति होगी। प्रत्येक नाटक की प्रस्तुति शाम 6:30 पर होगी।
ओवरलोड भारी वाहनों पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई..
माननीय न्यायालय ने लगाया 1 लाख 12 हजार रुपये का जुर्माना..
दमोह।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दमोह यातायात पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ओवरलोड भारी वाहनों के विरुद्ध की गई कार्रवाई में माननीय न्यायालय द्वारा कुल 1,12,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक दलवीर सिंह मार्को द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन जांच की जा रही है।

दिनांक 23 फरवरी 2026 को निरीक्षक दलवीर सिंह मार्को ने यातायात थाना स्टाफ के साथ वाहन चेकिंग के दौरान दो वल्कर वाहनों को रोका। जांच में वल्कर क्रमांक RJ 19 GJ 0819 को निर्धारित भार क्षमता से 16 टन अधिक तथा वल्कर क्रमांक RJ 19 GJ 0818 को 20 टन अधिक भार परिवहन करते हुए पाया गया।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों वाहनों को जप्त कर जप्ती पंचनामा तैयार किया गया।
प्रकरण के निराकरण हेतु दिनांक 24 फरवरी 2026 को दोनों वाहनों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय द्वारा क्रमशः 52,000 रुपये एवं 60,000 रुपये, कुल 1,12,000 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा एवं आमजन की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ओवरलोड एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..