दहेज मांग पर बारात न लाने का आरोप..

Spread the love

दहेज मांग पर बारात न लाने का आरोप

पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से की कार्रवाई की मांग

दमोह।
दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर बारात न लाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम रिछाईसमरा, थाना नोटा, तहसील जबेरा निवासी उज्जी चौधरी ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय दमोह में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग की है।


आवेदनकर्ता उज्जी चौधरी ने बताया कि जनवरी 2026 में उनकी पुत्री कंचन चौधरी का विवाह ग्राम गोसलपुर, थाना गोतलपुर, तहसील सिहोरा, जिला जबलपुर निवासी शैलेन्द्र पौषट्री एवं उसके परिजनों के साथ तय हुआ था। विवाह तय होने के बाद 10 जनवरी 2026 को फलदान की रस्म संपन्न हुई, जिसमें फल, कपड़े, अन्य सामग्री के साथ 51 हजार रुपये नगद दिए गए। इस दौरान फोटोग्राफी भी कराई गई।


आवेदक के अनुसार 30 जनवरी 2026 को लगुन की रस्म संपन्न हुई, जिसमें स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 11,500 रुपये नगद एवं कपड़े दिए गए। विवाह की तिथि 12 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। कार्ड छपवाकर रिश्तेदारों, समाजजनों एवं ग्रामवासियों को निमंत्रण भी दे दिया गया था।


आरोप है कि विवाह से पूर्व वर पक्ष द्वारा पल्सर मोटरसाइकिल एवं दो लाख रुपये नगद की अतिरिक्त मांग की गई। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर वर पक्ष ने कथित रूप से बारात न लाने की बात कही। निर्धारित तिथि 12 फरवरी को बारात नहीं पहुंची, जिससे आवेदक एवं उसकी पुत्री को समाज व ग्रामवासियों के समक्ष अपमान एवं मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ी।


आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि बाद में वर पक्ष द्वारा कथित रूप से झूठे आधारों पर नोटिस भेजा गया। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण जानबूझकर विवाह से इनकार किया गया, जिससे उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है।


पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि मामले में आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कराई जाए तथा विवाह की तैयारी में दिया गया सामान, मोटरसाइकिल एवं नगद राशि वापस दिलाई जाए।
मामले को लेकर पुलिस स्तर पर आवेदन की जांच की जा रही है।

इनका कहना है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि एक नोहटा थाना अंतर्गत मामला सामने आया है जिसमें नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल को निर्देशित किया है कि जांच कर अगर मामला सत्य पाया जाता हैमामला दर्ज करे।

About The Author