हथना में महर्षि स्कूल के प्यून की गोली मारकर हत्या, होली के दिन फैली सनसनी
एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर, एफएसएल और एसडीईआरएफ टीम ने की जांच
दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत हथना गांव में होली के दिन एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चंदू पिता मलखान रैकवार (उम्र करीब 28 वर्ष) निवासी हथना के रूप में हुई है, जो महर्षि स्कूल में चपरासी (प्यून) के पद पर पदस्थ था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया, सीएसपी एच.आर. पांडे, देहात थाना प्रभारी अमित गौतम, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, सब इंस्पेक्टर रोहित द्विवेदी सहित पुलिस बल पहुंचा और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।


बताया गया कि सागर से एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। घटनास्थल की सटीक जांच के लिए एसडीईआरएफ टीम द्वारा अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था कराई गई, ताकि रात में भी साक्ष्य सुरक्षित रूप से एकत्र किए जा सकें। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाने का प्रयास किया।
घर से निकले थे शाम को..
परिजनों के अनुसार मृतक के पिता मलखान सिंह रैकवार ने बताया कि चंदू शाम करीब 6:30 बजे घर से निकला था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटा और मोबाइल फोन भी बंद मिला। परिजनों ने तलाश शुरू की तो लाल टोरिया रोड के पास युवक का शव मिलने की सूचना मिली।

बताया जा रहा है कि चंदू रैकवार होली के दिन दोपहर करीब 3 बजे स्कूल से घर लौट आया था, इसके बाद शाम को दोबारा बाहर निकला और फिर यह घटना घटित हो गई।
पुलिस कर रही हर एंगल से जांच..
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ग्राम हथना क्षेत्र से हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रथम दृष्टया युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। आरोपियों के संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और जांच जारी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि रात करीब 10 बजे जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र में घटना की जानकारी मिली। मृतक की पहचान परिजनों द्वारा की गई है। पोस्टमार्टम एवं एफएसएल रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हत्या के कारणों व आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। होली जैसे त्योहार के दिन हुई इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है।



More Stories
कक्षा 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान ICU में मौत..
11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हटा आगमन प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां..
दमोह में सनसनीखेज वारदात: रॉड और हथौड़े से 16 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, आरोपी गिरफ्तार..