आजादी के बाद पहली बार गिदरामाल गांव पहुंचे मंत्री, विकास कार्यों की दी सौगात..

Spread the love

आजादी के बाद पहली बार गिदरामाल गांव पहुंचे मंत्री, विकास कार्यों की दी सौगात..


स्लैब कल्वर्ट निर्माण का किया भूमि पूजन, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं..


दमोह। जिले की जबेरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला गिदरामाल गांव उस समय ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब आजादी के बाद पहली बार किसी विधायक या मंत्री का गांव में आगमन हुआ। प्रदेश सरकार में मंत्री एवं जबेरा क्षेत्र के विधायक धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने रविवार को गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।


जबेरा मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच बसे इस गांव में मंत्री के आगमन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। मंत्री श्री लोधी ने गांव का पैदल भ्रमण करते हुए ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं तथा समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने भी उनका आत्मीय स्वागत करते हुए वर्षों से लंबित मांगों को उनके सामने रखा।


इस अवसर पर मंत्री श्री लोधी ने लगभग 49.74 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्लैब कल्वर्ट निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि इस निर्माण कार्य के पूरा होने से गांव के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और बरसात के दौरान आने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।


मंत्री ने कहा कि गिदरामाल गांव प्राकृतिक सौंदर्य और शुद्ध वातावरण से परिपूर्ण है। यहां की हरियाली, पहाड़ियां और प्राकृतिक परिवेश इस क्षेत्र की खास पहचान हैं। सरकार का प्रयास है कि ऐसे दूरस्थ और उपेक्षित गांवों तक भी विकास की योजनाएं पहुंचें, जिससे ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।


इस दौरान ग्रामीणों ने गांव तक सुगम आवागमन के लिए सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र की स्थापना सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग मंत्री के समक्ष रखी। मंत्री श्री लोधी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री लोधी ग्रामीणों के साथ बुंदेली संस्कृति की झलक में भी शामिल हुए। वे ग्रामवासियों के साथ पारंपरिक बुंदेली फाग का आनंद लेते नजर आए, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और अपनत्व से भर गया।


इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष और युवा उपस्थित रहे। साथ ही सांसद प्रतिनिधि रूपेश सेन, मंडल अध्यक्ष बंटी दुबे, राजेश सिंघई, सत्येंद्र सिंह, दशरथ साहू, मिथिलेश तिवारी, सुदीप अवस्थी, डालसिंह सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


ग्रामीणों ने मंत्री के इस दौरे को गांव के लिए नई शुरुआत बताते हुए उम्मीद जताई कि अब गिदरामाल में विकास कार्यों की गति तेज होगी और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com