फोर व्हीलर ने मारी टू व्हीलर को टक्कर, तीन घायल..
दो घायलों को जबलपुर रेफर, एक का दमोह जिला अस्पताल में इलाज जारी..
दमोह। दमोह देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली जबलपुर नाका चौकी के हथिनी के पास सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल दमोह लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरज अहिरवार पिता नन्ने अहिरवार (19 वर्ष), अशोक अहिरवार पिता झुन्नू अहिरवार (25 वर्ष) और सुरेश अहिरवार पिता संतोष अहिरवार (30 वर्ष) निवासी घाना, सोमवार को दमोह में चुनाई का काम खत्म कर मोटरसाइकिल से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हथिनी के पास सामने से आ रहे एक फोर व्हीलर वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ऐश्वर्या प्रताप सिंह राजपूत ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों की हालत को देखते हुए सूरज अहिरवार और अशोक अहिरवार को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है, जबकि सुरेश अहिरवार को जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी है।
इस संबंध में घायल अशोक अहिरवार ने बताया कि वे लोग काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी अचानक एक फोर व्हीलर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वहीं ड्यूटी डॉक्टर ने भी घायलों की स्थिति और उपचार के संबंध में जानकारी दी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..