अवैध अफीम की खेती पर मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई..

Spread the love

अवैध अफीम की खेती पर मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई..
छतरपुर, टीकमगढ़ और दमोह में 7890 किलो अफीम की फसल जब्त, कीमत 3 करोड़ से अधिक..


दमोह/भोपाल। प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और तस्करी के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पिछले एक सप्ताह के दौरान छतरपुर, टीकमगढ़ और दमोह जिलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया है। कार्रवाई के दौरान कुल लगभग 7890 किलोग्राम अफीम की फसल जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।


पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र में लगभग 1140 किलोग्राम अवैध अफीम की फसल बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। इसी तरह टीकमगढ़ जिले के दिगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 419 किलोग्राम अफीम की फसल जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 45 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।


वहीं दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है। यहां पुलिस ने लगभग 6331 किलोग्राम अवैध अफीम की फसल बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी फसल को जड़ सहित उखाड़कर जब्त कर लिया।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार तीनों जिलों में दर्ज प्रकरणों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन अवैध फसलों के पीछे किन लोगों का हाथ है और इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।


मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, संग्रहण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध मादक पदार्थों की खेती या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

About The Author

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com