बैकुंठधाम में अखंड संकीर्तन प्रारंभ, हनुमान प्राकट्योत्सव की तैयारियां तेज..
श्री हनुमान मंदिर में 13 मार्च से अखंड संकीर्तन, 2 अप्रैल को होगा मुख्य आयोजन..
दमोह।
शहर से सटे सिद्धक्षेत्र बैकुंठधाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हनुमान महाराज का प्राकट्योत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर सेवा समिति एवं भक्तों द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
आयोजन की शुरुआत 13 मार्च से अखंड संकीर्तन के साथ हो चुकी है, जो 2 अप्रैल तक निरंतर चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह 7 बजे एवं शाम 7 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
अखंड संकीर्तन का संचालन पंडित राजेन्द्र शुक्ल के मार्गदर्शन में अजबश्री जै जै सरकार मंडल द्वारा किया जा रहा है। संकीर्तन के माध्यम से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालु बढ़-चढ़कर सहभागिता निभा रहे हैं।
मुख्य कार्यक्रम 2 अप्रैल को आयोजित होगा। इस दिन सुबह 5 बजे से भगवान का अभिषेक प्रारंभ होगा, जबकि सुबह 10 बजे से हवन-पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारा एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इसके अलावा 27 मार्च को श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर भी दोपहर 12 बजे से हवन-पूजन एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर आरती में पहुंचकर धर्म लाभ लेने एवं भंडारा प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।
समिति के अनुसार आयोजन को सफल बनाने के लिए मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश एवं बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..