जबेरा को प्रदेश की क्रमांक-एक विधानसभा बनाने का संकल्प — राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी..

Spread the love

जबेरा को प्रदेश की क्रमांक-एक विधानसभा बनाने का संकल्प — राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी..


दमोह, 14 मार्च 2026। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा है कि उनका लक्ष्य जबेरा विधानसभा क्षेत्र को विकास के हर मापदंड पर प्रदेश की क्रमांक-एक विधानसभा बनाना है। वे जनपद तेंदूखेड़ा के ग्राम पांजी एवं पिंडरई में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे।

पांजी में सामुदायिक भवन का भूमि पूजन..


राज्यमंत्री ने ग्राम पांजी में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। विवाह जैसे बड़े आयोजनों के लिए भी ग्राम स्तर पर बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनका सपना है कि विधानसभा के प्रत्येक गांव में “एक समुदाय — एक भवन” की व्यवस्था विकसित की जाए।
पिंडरई में उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण..


इसके बाद ग्राम पिंडरई में 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया। राज्यमंत्री ने बताया कि अब ग्रामीणों को इलाज के लिए तेंदूखेड़ा या दमोह नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी। केंद्र में 24 घंटे एएनएम एवं सीएचओ द्वारा सेवाएं प्रदान की जाएंगी।


स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर..


उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आउट एरिया तारादेही में दो बड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि चोपरा में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माणाधीन है, जिसका जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

About The Author