इंटरनेशनल ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सट्टेबाजी का भंडाफोड़, अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार , पुलिस ने 9 आरोपियों को दबोचा..
फर्जी सिम-बैंक खातों से चल रहा था ऑनलाइन सट्टा रैकेट, लाखों का सामान जब्त..
दमोह। जिले में फर्जी सिम और बैंक खातों के माध्यम से इंटरनेशनल ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सट्टेबाजी संचालित करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का दमोह देहात पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक एच. आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दमोह देहात के नेतृत्व में गठित टीम ने मुश्की बाबा मंदिर पानी की टंकी के पास स्थित एक किराए के मकान पर दबिश देकर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह को पकड़ा। आरोपी ऑनलाइन साइट “WINBUZZ” के जरिए गेमिंग के नाम पर सट्टेबाजी संचालित कर रहे थे।
09 आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में सामान जब्त..
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 7 ऑनलाइन गेम संचालक और 2 स्थानीय संचालनकर्ता शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन सट्टेबाजी में उपयोग किए जा रहे 26 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड, 2 लैपटॉप, 2 ब्रॉडबैंड राउटर, चार्जर, वर्चुअल म्यूल अकाउंट से संबंधित सामग्री, नगद 8 लाख रुपये और एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो-एन कार जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 30.26 लाख रुपये आंकी गई है।
कई राज्यों से जुड़े आरोपी..
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से जुड़े हुए हैं। आरोपी फर्जी सिम और बैंक खातों के जरिए ऑनलाइन लेनदेन कर सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान..
इस कार्रवाई में निरीक्षक अमित गौतम, निरीक्षक नेहा गोस्वामी, उप निरीक्षक विक्रम दांगी, उप निरीक्षक रोहित दुबे सहित थाना और साइबर सेल के कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..