नारी शक्ति के स्वच्छता संकल्प हस्ताक्षर के साथ टीम उम्मीद का 20वां अभियान सम्पन्न..

Spread the love

नारी शक्ति के स्वच्छता संकल्प हस्ताक्षर के साथ टीम उम्मीद का 20वां अभियान सम्पन्न

दमोह। नवरात्रि शक्ति पर्व के अवसर पर शहर की सामाजिक संस्था टीम उम्मीद द्वारा बेलाताल पार्क एवं घाट क्षेत्र में 20वां साप्ताहिक स्वच्छता अभियान उत्साहपूर्वक सम्पन्न किया गया। इस दौरान अभियान में शामिल नारी शक्ति टीम ने स्वच्छता कार्य के साथ-साथ सुबह सैर करने आने वाले लोगों से स्वच्छता संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर कराकर उन्हें शहर को स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलाई।

अभियान में सामाजिक कार्यकर्ता नर्मदा एकता सिंह, नैना तिवारी, अभिलाषा पांडे, डाली कटारे, काजल पांडे, नीलम सैनी, सरिता सैनी, सुनीता मेश्राम, सुचिता शर्मा, नैंसी जाटव, कुमकुम पाटकर, रश्मी कोरी सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। साथ ही स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर हरीश पटेल, राकेश राठौर, धर्मेंद्र सोनी, महेंद्र सिंह लोधी, शिवम सोनी, माधव पटेल, ब्रजेश सेन, रवि पटेल, जितेंद्र अहिरवाल और बालक नैतिक सोनी सहित नगर पालिका से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।।

पार्क में शराब की खाली बोतलें मिलने पर जताई नाराजगी..

स्वच्छता अभियान के दौरान पार्क के एक कोने में शिव मंदिर की ओर भारी मात्रा में शराब एवं बियर की खाली बोतलें पाई गईं, जिस पर टीम की सदस्य नैना तिवारी और डाली कटारे ने नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि मंदिर के पास लगी जाली टूटी होने के कारण असामाजिक तत्व रात में पार्क में प्रवेश कर शराब सेवन करते हैं। इस संबंध में पूर्व में भी नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र लोधी को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक सुधार कार्य नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है।

नारी शक्ति की सहभागिता से अभियान को मिली नई ऊर्जा..


सामाजिक कार्यकर्ता नर्मदा एकता सिंह ने कहा कि टीम उम्मीद लगातार संकल्प के साथ स्वच्छता पर कार्य कर रही है और अब नारी शक्ति की सहभागिता से अभियान को नई ऊर्जा मिली है। वहीं काजल पांडे और अभिलाषा पांडे ने रजिस्टर में स्वच्छता शपथ लिखकर लोगों से हस्ताक्षर कराए और सभी से सप्ताह में कम से कम दो घंटे श्रमदान करने की अपील की।

स्वच्छता गीत की शूटिंग से लोगों को मिलेगा संदेश..


स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर हरीश पटेल ने बताया कि “जीतेंगे जीतेंगे” स्वच्छता गीत की शूटिंग शहर के विभिन्न क्षेत्रों में की जा रही है, जो लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में जारी “मत करो ना यार” गीत के बाद शहरवासियों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला था और इस बार भी अच्छे परिणाम की उम्मीद है।
अभियान के अंत में सभी ने एकजुट होकर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लिया।

About The Author