बांदकपुर धाम में पौधे व ट्री गार्ड उखाड़े जाने पर आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग..

Spread the love

बांदकपुर धाम में पौधे व ट्री गार्ड उखाड़े जाने पर आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग..
दमोह। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बांदकपुर धाम के गोवर्धन पर्वत के समीप लगाए गए पौधों और ट्री गार्ड को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से शिवभक्तों और प्रकृति प्रेमियों में रोष व्याप्त है।


जानकारी के अनुसार, प्रकृति संरक्षण एवं बांदकपुर धाम को हराभरा बनाने के उद्देश्य से बीते वर्ष बरसात के दौरान शिवभक्तों और स्थानीय लोगों द्वारा पौधरोपण अभियान चलाया गया था। इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सामाजिक-धार्मिक संगठनों के सदस्यों ने भी पौधे लगाए थे। इसी अभियान के तहत दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर द्वारा भी गोवर्धन पर्वत के पास कदम का पौधा रोपित किया गया था, जिसकी देखरेख स्थानीय प्रकृति प्रेमियों द्वारा नियमित रूप से की जा रही थी।


बताया जा रहा है कि किसी असामाजिक तत्व ने भारी वाहन, ट्रैक्टर या पत्थरों की मदद से पौधे के ट्री गार्ड को उखाड़ दिया। हालांकि पौधा अभी सुरक्षित बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बांदकपुर धाम क्षेत्र में पिछले कुछ समय से पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाने, कचरा फेंकने तथा धार्मिक बैनर-पोस्टर फाड़ने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।


इस संबंध में पहले भी बांदकपुर चौकी प्रभारी को मौखिक जानकारी दी गई थी, लेकिन अब शिवभक्तों एवं प्रकृति प्रेमियों ने लिखित ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही धर्मप्रेमियों और पर्यावरण प्रेमियों से अपील की गई है कि वे बांदकपुर धाम के विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सहयोग करें, ताकि यह धार्मिक स्थल स्वच्छ और हरित बना रह सके।

About The Author