रात 10 बजे के बाद बज रहे डीजे पर पुलिस की कार्रवाई, जबलपुर नाका चौकी में किया सुपुर्द..

Spread the love

रात 10 बजे के बाद बज रहे डीजे पर पुलिस की कार्रवाई, जबलपुर नाका चौकी में किया सुपुर्द..

कलेक्टर के निर्देश पर कोतवाली पुलिस सख्त, नियम उल्लंघन करने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई..

दमोह। दिनांक 4 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली पुलिस को कंट्रोल रूम के पीछे शिव नगर क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई कि रात्रि समय में तेज आवाज में डीजे संचालित किया जा रहा है। प्राप्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीआई मनीष कुमार के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक साहब सिंह ठाकुर एवं रात्रिकालीन गश्त टीम मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान पाया गया कि रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्र (डीजे) का उपयोग किया जा रहा था, जो शासन की गाइडलाइन के विरुद्ध है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर डीजे बंद कराया तथा उसे जब्त कर थाना दमोह देहात की चौकी जबलपुर नाका में अग्रिम कार्रवाई हेतु सुपुर्द किया।

सहायक उप निरीक्षक साहब सिंह ठाकुर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार समय-समय पर डीजे संचालकों की बैठक आयोजित कर उन्हें नियमों की जानकारी दी जाती है। इसके बावजूद यदि कोई निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

टीआई मनीष कुमार ने आमजन से अपील की है कि किसी भी धार्मिक या सामाजिक आयोजन में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने से पहले नियम अनुसार संबंधित अधिकारी से अनुमति अवश्य लें, अन्यथा नियमों के उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के बाद पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों जैसे दमोह रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जिला अस्पताल एवं कैडोर की तलैया में गश्त कर अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों को समझाइश देकर घर जाने की हिदायत दी।

रात्रिकालीन कार्रवाई में एएसआई साहब सिंह ठाकुर, आरक्षक राजेश ठाकुर, मनोज पांडे, जितेंद्र मिश्रा, गोविंद पटेल एवं अभय यादव सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

About The Author