नारी शक्ति वंदन अधिनियम से बदलेगी देश की राजनीति, महिलाओं को 33% आरक्षण ऐतिहासिक पहल
डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर मानस भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरण
दमोह।
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर दमोह के मानस भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल एक ऐतिहासिक कदम है, जो समाज में समानता और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देगा। उन्होंने बाबा साहब के विचारों को याद करते हुए शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताया और उनके संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष और उनका संविधान निर्माण में योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। “शिक्षा शेरनी का दूध है” जैसे उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को आगे बढ़ने की दिशा देते हैं।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि महिलाओं को आरक्षण मिलने से उनकी भागीदारी शासन और प्रशासन के साथ-साथ देश के विकास में भी सशक्त होगी। यह कदम सामाजिक असमानताओं को दूर करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि सरकार द्वारा लागू किया जा रहा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ आने वाले 50 वर्षों में देश की राजनीति में व्यापक बदलाव लाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे संसद और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ेगी और नेतृत्व अधिक सशक्त होगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएं अब तक परिवार की रीढ़ रही हैं और अब देश की रीढ़ भी बनेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि केवल जयंती मनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा को समाज परिवर्तन का मूल आधार बताया।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभ वितरित किया गया। इसमें लाड़ली लक्ष्मी योजना, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), अंत्यव्यसायी योजना, संत रविदास योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इसके साथ ही 10वीं-12वीं में मेरिट में आए विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए तथा नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विपिन चौबे द्वारा किया गया। समापन पर सभी उपस्थित जनों ने बाबा साहब के विचारों को अपनाकर समाज में समानता और न्याय स्थापित करने का संकल्प लिया।
डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर मानस भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरण..



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..