कलेक्टर प्रताप नारायण यादव का जिला अस्पताल औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश
कूलर शुरू करने, पानी व्यवस्था दुरुस्त करने और डॉक्टर-स्टाफ की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
दमोह।
नवागत कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बुधवार सुबह जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, दवा वितरण केंद्र एवं एमसीएच भवन का निरीक्षण करते हुए मरीजों और उनके परिजनों से संवाद किया तथा व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि वे आगे भी बिना सूचना के अस्पताल का निरीक्षण करेंगे, इसलिए सभी व्यवस्थाएं हर समय चुस्त-दुरुस्त रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार मिले और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।
कूलर-फैन तत्काल चालू करने के निर्देश..
वार्डों में कूलर और एसी बंद पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और तत्काल सभी कूलर शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही खराब पंखों की मरम्मत कर मरीजों को गर्मी से राहत देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने मरीजों के बिस्तरों पर बेडशीट और तकिए की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठने और पानी की व्यवस्था पर जोर..
एमसीएच भवन में महिलाओं से चर्चा के दौरान ओपीडी पर्ची में हो रही देरी सामने आने पर कलेक्टर ने व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों और परिजनों के बैठने के लिए पर्याप्त बैंच लगाने को कहा।
बैठक के दौरान जल समस्या उठने पर नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जलापूर्ति के वैकल्पिक उपायों पर समयबद्ध कार्रवाई कर अस्पताल में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए।
डॉक्टर-स्टाफ समय पर पहुंचे, नहीं तो कार्रवाई..
कलेक्टर ने सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल को निर्देश दिए कि सभी डॉक्टर और स्टाफ निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचे। मरीजों द्वारा देरी की शिकायत मिलने पर उन्होंने दो टूक कहा कि समय पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी की उपस्थिति सार्थक एप के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश दिए।
दवा वितरण और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
दवा वितरण केंद्र पर मरीजों को अधिक समय लगने की शिकायत पर कलेक्टर ने अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था कर प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए संबंधित एजेंसी को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई। नगर पालिका को प्रतिदिन कचरा उठाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस चौकी और यातायात व्यवस्था पर ध्यान..
अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी पर हमेशा पुलिसकर्मी तैनात रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्राइवेट एंबुलेंस संचालकों द्वारा मरीजों को परेशान किए जाने की शिकायत पर कोतवाली टीआई को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य द्वार पर ऑटो व अन्य वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग पर भी नाराजगी जताते हुए इसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
मरीजों से की आत्मीय बातचीत
कलेक्टर ने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मिलकर उनके उपचार, भोजन, पानी और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ की बैठक लेकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम, सीएमएचओ, सिविल सर्जन, नगरपालिका एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..