भगवान परशुराम जयंती पर भव्य आयोजन, प्रेमलता उपाध्याय की पुस्तक “मां! सूरज को कोट पहना दो” का विमोचन..
दमोह। 19 अप्रैल 2026 को भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर तुलसी मानस भवन, बूंदा बहू मंदिर में युवा विप्र मिलन, अलंकरण समारोह एवं हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और समाजिक समरसता का उत्कृष्ट संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक श्री अजय टंडन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजीता गौरव पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू धर्मेंद्र कटारे एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री मनु मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित श्री विद्यासागर पांडे ने की, जबकि संयोजन श्री नरेंद्र अरजरिया ने किया। संचालन वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षिका श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन से मंचासीन अतिथियों एवं विद्वतजनों द्वारा किया गया। अतिथियों का स्वागत फूलमालाओं एवं श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय के बुंदेली स्वागत गीत से किया गया। इस अवसर पर श्री नरेंद्र अरजरिया ने युवा विप्र मिलन समिति का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय की 101 बाल गीतों के संग्रह की छठवीं कृति “मां! सूरज को कोट पहना दो” का विमोचन रहा। यह कृति उनके 35 वर्षों के शिक्षकीय अनुभवों का निचोड़ है। एक नारी, शिक्षिका और मां के रूप में उनके हृदय के वात्सल्य एवं मनोभावों की सजीव अभिव्यक्ति इस पुस्तक में देखने को मिलती है। डॉ. किरण गोस्वामी ने कृति की भावपूर्ण समीक्षा प्रस्तुत की, वहीं श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इससे पूर्व भी श्रीमती उपाध्याय की पांच पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी कृति “भई ने बिरज की मोर” को मध्य प्रदेश लेखिका संघ का प्रदेश स्तरीय “साहित्य श्री” पुरस्कार तथा नवगीत संग्रह “प्रीत की परछाइयां” को “कादंबरी पुरस्कार” प्राप्त हो चुका है।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न भागों से पधारे कवियों को “परशुराम सम्मान” से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय ने अपने स्वर्गीय पति श्री उपाध्याय जी की स्मृति में स्थापित सम्मान छतरपुर की प्रसिद्ध कवयित्री श्रीमती नम्रता शुक्ला को प्रदान किया। डॉ. किरण गोस्वामी, श्रीमती मीना पाठक एवं श्रीमती विमला तिवारी ने भी अपने परिजनों की स्मृति में मंचासीन कवियों को सम्मानित किया।
शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय को “परशुराम सम्मान” से सम्मानित किया गया, जो श्री नरेंद्र अरजरिया द्वारा अपनी माता स्वर्गीय श्रीमती सुहाग रानी अरजरिया की स्मृति में प्रदान किया गया।
कवि सम्मेलन में कवयित्री काव्या मिश्रा, कवि श्री रामकृष्ण द्विवेदी, कवि ठाकुर इलाहाबादी, कवि डॉ. सुरेश सौरभ एवं कवयित्री श्रीमती नम्रता शुक्ला ने अपनी उत्कृष्ट एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं श्री नरेंद्र अरजरिया, श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय एवं श्रीमती बबीता चौबे ने भी काव्य पाठ प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में श्री मुकेश तिवारी ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजन में श्री ओजेंद्र तिवारी, श्री अरुण व्यास, श्री रमेश व्यास, श्रीमती पदमा तिवारी, श्रीमती चंद्र नेमा, श्रीमती गिरिजा त्रिपाठी, श्री किशोर चौबे, श्री मुकेश तिवारी, श्री राजकुमार गर्ग, श्री सदन नेमा, पंडित श्री रामेश्वर पुजारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों एवं साहित्य प्रेमियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाया।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..