कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण, किसानों की सुविधा पर विशेष जोर..
दमोह। जिले में संचालित उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं को परखने के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी उपज की तौल समय पर एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कुछ केंद्रों पर अव्यवस्थाएं पाई, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तौल प्रक्रिया में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों का माल अधिकतम एक घंटे के भीतर तौल लिया जाए। इसके लिए आवश्यकता अनुसार कांटे (वजन मशीन) एवं श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर श्री यादव ने किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्रों पर छाया एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि इंतजार के दौरान किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मात्रा का ही पालन किया जाए और उससे अधिक तौल किसी भी स्थिति में न किया जाए।
उन्होंने तौल के बाद किसानों को दी जाने वाली रसीदों को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक किसान को सही, प्रमाणित एवं सील-संयुक्त रसीद तत्काल प्रदान की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
कलेक्टर ने सभी केंद्रों पर कंट्रोल रूम का नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में किसान तत्काल अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का विक्रय सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें समय पर उचित मूल्य मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जबेरा सहित तीन उपार्जन केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने गोदाम में रखे अनाज का अवलोकन किया, मौके पर ही तौल कराई तथा उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे तुरंत अवगत कराएं या कंट्रोल रूम नंबर पर शिकायत दर्ज करें।
इस अवसर पर एसडीएम छोटे गिरी गोस्वामी, तहसीलदार सोनम पांडे, सहायक आपूर्ति अधिकारी आदित्य दहिया, नायब तहसीलदार श्री साहू सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं खरीदी केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..