संदिग्ध गोलीकांड: 45 वर्षीय संतोष राठौर की मौत, हादसा या कुछ और? जांच जारी..
दमोह। शहर के जबलपुर नाका क्षेत्र स्थित आम चोपड़ा शक्ति नगर में गुरुवार रात एक संदिग्ध गोलीकांड में 45 वर्षीय संतोष राठौर (पिता स्वर्गीय करण राठौर) की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। पड़ोसियों ने गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर देखा तो संतोष राठौर गंभीर हालत में पड़े थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे शांत और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सागर से फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं देहात थाना टीआई अमित गौतम और जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल भी मौके पर मौजूद रहकर मामले की गहन जांच कर रहे हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना में इस्तेमाल बंदूक दो नाली वाली, संभवतः 12 बोर की बताई जा रही है। गोली चलने के कारण को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। परिवारजनों का कहना है कि घटना बंदूक साफ करते समय हुई है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। इसमें हादसा, आत्महत्या या अन्य कारणों की भी पड़ताल शामिल है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


More Stories
जर्जर धर्मशाला को तत्काल खाली कराकर गिराने की मांग, हादसे की आशंका जताई..
ग्वाल बाबा मंदिर में हवन-पूजन के बाद निकली भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा..
मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 40 हजार रुपये का जुर्माना, हटा के फूलचंद यादव पर कार्रवाई..