दलित दूल्हे को घोड़ी पर बैठना पड़ा महंगा, दबंगों ने की मारपीट, एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज..
दमोह के बिजोरी पाठक गांव में शादी की खुशियां बदलीं तनाव में, पुलिस बल तैनात..
दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले से सामाजिक भेदभाव और दबंगई की एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां एक दलित दूल्हे को अपनी शादी से पहले घोड़ी पर बैठकर रिवाज निभाना भारी पड़ गया। दबंगों ने न केवल दूल्हे को घोड़ी से नीचे गिरा दिया, बल्कि उसके साथ और उसकी बहन के साथ मारपीट भी की।
मामला दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बिजोरी पाठक गांव का है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम दलित वर्ग के युवक गोलू अहीरवाल की बारात छतरपुर जिले के बक्सवाहा के लिए रवाना होने वाली थी। बारात निकलने से पहले पारंपरिक “रछवाई” रस्म के तहत दूल्हे को घोड़ी पर बैठाकर गांव में घुमाया जा रहा था। परिवार और रिश्तेदार इस मौके पर खुशी मना रहे थे।
इसी दौरान जब बारात गांव के लोधी मोहल्ले में पहुंची, तो वहां के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। आरोप है कि उन्होंने जातिगत आधार पर दूल्हे के घोड़ी पर बैठने का विरोध किया और परंपरा का हवाला देते हुए उसे रोकने की कोशिश की। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने दूल्हे को घोड़ी से नीचे गिराकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
जब दूल्हे की बहन उसे बचाने पहुंची, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरी बारात हटा थाने पहुंच गई, जहां पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई।
घायलों को तत्काल हटा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। प्राथमिक इलाज के बाद देर रात बारात को बक्सवाहा के लिए रवाना किया गया।
हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।
यह घटना एक बार फिर समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता की हकीकत को उजागर करती है, जहां आज भी कुछ स्थानों पर दलितों को अपने अधिकारों और परंपराओं को निभाने में बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई जरूर की जा रही है, लेकिन ऐसी घटनाएं कई सवाल खड़े करती हैं।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..