अजब धाम फतेहपुर में दमोह पुलिस की रात्रि चौपाल, एसपी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं..

Spread the love

अजब धाम फतेहपुर में दमोह पुलिस की रात्रि चौपाल, एसपी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं..


दमोह। जिले के बटियागढ़ ब्लॉक अंतर्गत मगरोन थाना क्षेत्र के अजब धाम फतेहपुर में शनिवार रात दमोह पुलिस द्वारा रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम रात 9 बजे से शुरू हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।


रात्रिकालीन जन चौपाल में ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था, सामाजिक मुद्दों तथा स्थानीय समस्याओं से जुड़े विषय पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखे। पुलिस अधीक्षक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कई शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण भी किया गया।


इस दौरान एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी ने भी ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें पुलिस सेवाओं, कानून संबंधी जानकारी और सतर्कता बरतने के संबंध में जागरूक किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की।


पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है और भविष्य में भी इस तरह के जनसंवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं समन्वय मजबूत हो सके।


कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि विशाल पटेल, मगरोन थाना प्रभारी बी.एल. पटेल, चौकी प्रभारी आर.एस. राजपूत, प्रधान आरक्षक नीरज राय सहित थाना स्टाफ, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author