आंधी-तूफान से गिरी दीवार, मलबे में दबने से महिला की मौत..
आंधी-तूफान से गिरी दीवार, मलबे में दबने से महिला की मौत रनेह थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा गांव में दर्दनाक हादसा, बारिश से बचाने उपले समेटने गई थी महिला..
दमोह जिले के रनेह थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआखेड़ा गांव में सोमवार शाम अचानक बदले मौसम के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान एक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान महुआखेड़ा गांव निवासी रागिनी पटेरिया अपने घर में रखे उपलों को बारिश से बचाने के लिए उन्हें समेटने गई थीं। तभी पड़ोसी के मकान की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और महिला मलबे में दब गई।
घटना होते ही परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर महिला को मलबे से बाहर निकाला और गंभीर हालत में तत्काल सिविल अस्पताल हटा लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसा इतना अचानक हुआ कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
सोमवार रात करीब 10 बजे हादसे की सूचना रनेह थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके की जानकारी लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और मामले की जांच की जा रही है।
अचानक आई आंधी-तूफान के बीच हुए इस हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर और कच्चे मकानों की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मकानों के सर्वे और जरूरतमंद परिवारों को सहायता देने की मांग की है।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..