तत्पर डायल-112 टीम ने बचाई जान, रेलवे ट्रैक से व्यक्ति को सुरक्षित निकाला..
दमोह। जिले में डायल-112 टीम की तत्परता और संवेदनशील कार्यवाही से एक व्यक्ति की जान बच गई। थाना पटेरा क्षेत्र के ग्राम रामपुरा निवासी एक व्यक्ति के आत्महत्या की नीयत से घर से चले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल तलाश शुरू की और उसे रेलवे ट्रैक से सुरक्षित बचाकर परिजनों के सुपुर्द किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली थी कि ग्राम रामपुरा निवासी बिट्टू राजपूत घर से निकल गया है और उसके आत्मघाती कदम उठाने की आशंका है। सूचना मिलते ही दमोह डायल-112 कंट्रोल में पदस्थ आरक्षक रामनरेश ने तत्काल एफआरव्ही-11 और एफआरव्ही-15 को रवाना किया।
एफआरव्ही-11 में आरक्षक अनिल ठाकुर एवं पायलट राहुल राजपूत, वहीं एफआरव्ही-15 में आरक्षक चंद्रकांत पांडेय एवं पायलट संदीप साहू ने तत्काल व्यक्ति की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान उसकी लोकेशन ग्राम करहिया थाना हिंडोरिया क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैक के पास मिली।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर लेटा हुआ था। पुलिस जवानों ने बिना देर किए उसे ट्रैक से हटाया, समझाइश दी और काउंसलिंग कर सुरक्षित घर पहुंचाया। बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
डायल-112 टीम की इस मुस्तैद कार्यवाही से एक बड़ा हादसा टल गया और एक व्यक्ति को नया जीवन मिला।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..