दमोह के व्यस्त घंटाघर इलाके में तीन मंजिला मकान का छज्जा गिरा, टला बड़ा हादसा..
देर रात हुई घटना, पुलिस ने पहुंचकर संभाला मोर्चा—सड़क बंद कर सुरक्षा व्यवस्था की गई..
दमोह। शहर के अत्यंत व्यस्त घंटाघर क्षेत्र में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बंदा बहू मंदिर के सामने स्थित नामदेव बिल्डिंग की तीसरी मंजिल का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही दमोह कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना देर रात हुई, उस समय क्षेत्र में लोगों की आवाजाही नहीं थी। यदि यह हादसा दिन में होता तो बड़ी जनहानि की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छज्जा गिरने से सड़क पर मलबा फैल गया, हालांकि कोई व्यक्ति या वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि छज्जे का कुछ हिस्सा गिर चुका है, जबकि कुछ हिस्सा अभी भी लटका हुआ है, जो खतरा बना हुआ है।
घटना के बाद तत्काल सुरक्षा व्यवस्था के तहत सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया है। साथ ही नगर पालिका को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया है। आसपास के रहवासियों को भी सतर्क रहने और बिल्डिंग से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है।
घंटाघर क्षेत्र शहर का प्रमुख और व्यस्त इलाका है, जहां दिनभर सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में इस प्रकार की घटना ने भवनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लटके हुए हिस्से को हटाने की कार्रवाई जल्द किए जाने की बात कही जा रही है।


More Stories
पौधारोपण, वृद्धाश्रम सेवा और रक्तदान के साथ मनाया वेदिका दुबे का जन्मदिन, दिया सामाजिक सरोकार का संदेश..
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
54वीं बार रक्तदान कर दीपक जैन ने दिया मानवता का संदेश, हर तीन माह में रक्तदान का निभा रहे संकल्प..