दमोह में लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप: 80 हजार की रिश्वत लेते तीन आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार..

Spread the love

दमोह में लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप: 80 हजार की रिश्वत लेते तीन आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार..

दमोह में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त सागर की टीम ने सोमवार (4 मई 2026) को बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

यह ट्रैप कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में की गई।


बहाली और पोस्टिंग के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत..


मामले में आवेदक नवेन्द्र कुमार आठया (36), प्राथमिक शिक्षक, ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्हें निलंबन से बहाल करने और विभागीय जांच समाप्त कराने के साथ ही यथावत पदस्थापना (पटेरा में) कराने के एवज में 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।


बताया गया कि आवेदक पूर्व में पटेरा में पदस्थ थे और कुछ समय पहले एक छात्र की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी सी.एल. नेमा द्वारा उन्हें निलंबित कर दिया गया था। बाद में बहाली तेंदूखेड़ा में की गई, लेकिन पुनः पटेरा में पदस्थ करने के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी।


शिकायत के बाद सत्यापन, फिर बिछाया जाल..


आवेदक ने 13 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद 21 अप्रैल को लोकायुक्त टीम ने बातचीत की रिकॉर्डिंग कर शिकायत का सत्यापन किया। सत्यापन सही पाए जाने पर 4 मई को ट्रैप की योजना बनाई गई।


डिक्की में रखे पैसों के साथ पकड़े गए आरोपी..


लोकायुक्त टीम ने जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र में पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने जबलपुर-दमोह रोड पर जाल बिछाया। यहां आरोपी रिश्वत की राशि 80 हजार रुपये लेकर पहुंचे, जिसे दोपहिया वाहन की डिक्की में रखा गया था। इसी दौरान टीम ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।


ये हैं गिरफ्तार आरोपी..


अनिल कुमार साहू, माध्यमिक शिक्षक
मनोज कुमार श्रीवास्तव, सहायक ग्रेड-2, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय
नीरज कुमार सोनी, सहायक ग्रेड-3, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय


लोकायुक्त टीम की अहम भूमिका..


इस कार्रवाई में निरीक्षक मंजू किरण तिर्की, निरीक्षक रंजीत सिंह, प्रधान आरक्षक सफीक खान, संतोष गोस्वामी, अजय क्षेत्रीय, प्रदीप दुबे, आदेश तिवारी, गोल्डी पासी, राघवेंद्र, विक्रम सिंह और नीलेश चौबे सहित लोकायुक्त सागर की टीम शामिल रही।


फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

About The Author