कलेक्टर का औचक निरीक्षण: “अन्नदाताओं को भटकना न पड़े, समय पर तुलाई और सुविधाएं सुनिश्चित हों”

Spread the love


कलेक्टर का औचक निरीक्षण: “अन्नदाताओं को भटकना न पड़े, समय पर तुलाई और सुविधाएं सुनिश्चित हों”


खरीदी केंद्रों पर दिखा सुधार, किसानों ने जताया संतोष—पेयजल व पर्ची व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश


दमोह। जिले में समर्थन मूल्य पर चना और गेहूं खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बटियागढ़ और बकायन खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बोरी तुलाई की प्रक्रिया को खुद देखा और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।


कलेक्टर यादव ने किसानों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि अब खरीदी केंद्रों पर पहले की तुलना में काफी सुधार हुआ है और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की निगरानी से व्यवस्था बेहतर हुई है और अब तुलाई समय पर हो रही है।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अन्नदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। खरीदी केंद्रों पर भटकाव न हो, इसके लिए छाया, पेयजल और समय पर तुलाई जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।


कलेक्टर ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से किसानों की शिकायतें मिली थीं, जिनमें तुलाई में देरी, ओटीपी न मिलना और पावती नहीं मिलने जैसी समस्याएं शामिल थीं। इन शिकायतों के आधार पर जमीनी हकीकत जानने के लिए निरीक्षण किया गया।


निरीक्षण में तुलाई और वजन की प्रक्रिया संतोषजनक पाई गई तथा छाया की व्यवस्था भी उचित मिली, लेकिन पेयजल की कमी और पर्ची समय पर न मिलने की समस्या सामने आई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।


इस दौरान कलेक्टर ने फूड विभाग के कमिश्नर कर्मवीर शर्मा से चर्चा की। कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा, जिससे किसानों को ओटीपी समय पर मिले और पंजीयन प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।


कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों पर पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त की जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

About The Author