प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी ने बांदकपुर धाम में किया जलाभिषेक, आंवले का पौधा रोपा..हटा में कलेक्टर की सख्ती: मूलभूत सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश, अधूरे कार्य जल्द पूरे करने पर जोर..

Spread the love

प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी ने बांदकपुर धाम में किया जलाभिषेकआंवले का पौधा रोपा..

दमोह। श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर की पावन नगरी में सोमवार शाम को प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी पहुंचे। यहां उन्होंने श्री जागेश्वर नाथ धाम में विधि-विधान से जल अभिषेक कर पूजन-अर्चन किया। साथ ही प्रधान जिला न्यायाधीश श्री सोलंकी ने मंदिर के द्वारा स्थापित धेनुवन (गोवर्धन पर्वत) पर आंवले के वृक्ष का रोपण भी किय। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने पौधरोपण के महत्व पर जोर दिया, इस दौरान टीआई सिटी मनीष कुमार, एएसआई कमलेश सैनी, शिवम पाठक समेत पुलिस व न्यायालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

हटा में कलेक्टर की सख्ती: मूलभूत सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश, अधूरे कार्य जल्द पूरे करने पर जोर..

नाली-पाइपलाइन क्षति पर नाराजगी, सड़क और जल व्यवस्था सुधारने विशेष टीम बनेगी..

दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सोमवार शाम हटा पहुंचकर नगरपालिका सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक ली। बैठक में उन्होंने पेयजल, बिजली, सफाई और सड़क जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के सख्त निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि जनता द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए वे स्वयं मौके पर पहुंचे हैं। बैठक में पानी की कमी, सफाई व्यवस्था में खामियां, खराब सड़कें और बिजली से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

इन समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।जल परियोजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि कमियों को जल्द दूर कर नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने हर वार्ड में जनसंख्या और क्षेत्रफल के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती करने और सुबह-शाम नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

साथ ही पार्षदों से भी अपने-अपने वार्ड में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।बैठक में कलेक्टर ने निष्क्रिय पड़े ई-रिक्शा को लेकर नाराजगी जताई और सीएमओ को उन्हें तत्काल चालू करवाने के निर्देश दिए, ताकि संकरी गलियों में भी सफाई व्यवस्था बेहतर हो सके।सड़क निर्माण कार्यों को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि एमपीआरडीसी द्वारा किए जा रहे कार्यों में नालियों और पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा है, जिससे जल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कई सड़कों के लंबे समय से अधूरे होने पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को तुरंत दुरुस्त किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने एमपीआरडीसी, नगरीय निकाय और उदय प्रोजेक्ट के अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देश देते हुए हटा पहुंचकर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने को कहा।इस दौरान एसडीएम, नगरीय निकाय के अधिकारी, पार्षदगण और विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author