बड़ी मां निकली मासूम की कातिल: जमीन विवाद में 3 साल के अनिरुद्ध की हत्या, भूसे के ढेर पर मिला शव..
दमोह। आनंद कलादगी ने शनिवार को तेजगढ़ थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा गांव में हुए 3 वर्षीय मासूम अनिरुद्ध हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि बच्चे की हत्या उसकी बड़ी मां ने ही की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि परिवार में चल रहे जमीन विवाद की रंजिश में आरोपी महिला ने मासूम को अपने पास बुलाकर पहले उसका गला दबाया और बाद में पहचान छिपाने व पुलिस को गुमराह करने के लिए सिर पर पत्थर पटक दिया। हत्या के बाद शव को घर से करीब 50 मीटर दूर भूसे के ढेर पर फेंक दिया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर अनिरुद्ध घर के आंगन में खेल रहा था, तभी अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद इमलिया चौकी पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एसडीआरएफ टीम ने गांव और आसपास के इलाकों में रातभर सर्चिंग अभियान चलाया। यहां तक कि 70 फीट गहरे कुएं तक की तलाशी ली गई, लेकिन बच्चा नहीं मिला।
शनिवार दोपहर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब मासूम का शव घर के पास भूसे के ढेर पर पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही एसपी आनंद कलादगी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस को शुरुआत से ही बच्चे के बड़े पिता भगवान सिंह लोधी और बड़ी मां राजकुमारी लोधी पर शक था। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो आरोपी महिला टूट गई और हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक मृतक के पिता माखन सिंह और उनके भाई भगवान सिंह के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसकी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद पूरे महुआखेड़ा गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। मासूम के पिता माखन सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बीचोंबीच से बच्चे का गायब होना और फिर उसी इलाके में शव मिलना बेहद भयावह है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से लोगों में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है, जबकि भगवान सिंह से भी पूछताछ जारी है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।


More Stories
जनजागरूकता अभियानों में सहयोग करने वाले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का दमोह पुलिस ने किया सम्मान..
दमोह पुलिस की रात्रिकालीन कॉम्बिंग गश्त, 62 वारंट तामील, 18 आबकारी प्रकरण दर्ज..
दमोह पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरजिला हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार..