नरसिंहगढ़ में खूनी विवाद : बीचबचाव करने पहुंचे पिता की पीट-पीटकर हत्या, बेटा-बेटी घायल

Spread the love

नरसिंहगढ़ में खूनी विवाद : बीचबचाव करने पहुंचे पिता की पीट-पीटकर हत्या, बेटा-बेटी घायल
दमोह जिले के दमोह देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी के खडेरा मोहल्ला में रविवार सुबह दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और बेटी घायल हो गए। घायलों और मृतक को सुबह करीब 8:30 बजे दमोह जिला अस्पताल लाया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, खडेरा मोहल्ला निवासी 58 वर्षीय मुन्ना लाल जैन की विवाद के दौरान गंभीर मारपीट में मौत हो गई। वहीं उनके पुत्र पप्पू जैन और बेटी कविता जैन घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि धर्मेंद्र सिंह लोधी और उसकी पत्नी लक्ष्मी लोधी का किसी बात को लेकर कविता जैन से विवाद हो रहा था। इसी दौरान मुन्ना लाल जैन बीचबचाव करने पहुंचे, तभी आरोपियों ने उनके साथ बुरी तरह मारपीट कर दी। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमोह देहात थाना प्रभारी अमित गौतम जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट होना सामने आया है। मामले में धर्मेंद्र लोधी और लक्ष्मी लोधी के नाम सामने आए हैं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

About The Author