नवागत एसपी आनंद कलादगी की पहली क्राइम बैठक, कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर दिए सख्त निर्देश..
दमोह। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने रविवार दोपहर जबलपुर नाका स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के पुलिस अधिकारियों की पहली क्राइम बैठक ली। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया, एसडीओपी प्रिया सिंधी, डीएसपी देवी सिंह, डीएसपी सौरभ त्रिपाठी सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
एसपी आनंद कलादगी ने बैठक के दौरान सभी थाना प्रभारियों से उनके थाना क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं, अपराध की स्थिति और निराकरण की कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने लंबित अपराधों और गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।
बैठक में आमजन से बेहतर संवाद और पुलिस की सक्रिय भूमिका पर भी जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निराकरण किया जाए, ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में अवैध गतिविधियों, नशे के कारोबार, असामाजिक तत्वों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाए।
साथ ही रात्रि गश्त, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
एसपी आनंद कलादगी ने स्पष्ट कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने और जनता के प्रति जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने की बात कही।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..