दमोह कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथगोले और चाकू के साथ दो आरोपी गिरफ्तार..

Spread the love

दमोह कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथगोले और चाकू के साथ दो आरोपी गिरफ्तार..

दमोह शहर में अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस की कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन देशी हथगोले, चाकू और छुरी बरामद की है। मामले में पांच अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना कोतवाली थाना दमोह पुलिस को 12 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि महाराणा प्रताप स्कूल के पास खड़ी दो कारों में कुछ संदिग्ध युवक बैठे हैं।

सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, जिनमें से दो आरोपियों को पीछा कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल कुरैशी (21) और समीम कुरैशी (18) निवासी बजरिया वार्ड 7 दमोह के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन देशी हथगोले, एक धारदार चाकू और एक छुरी बरामद की है। साथ ही बलेनो कार क्रमांक MP 20 CF 2735 और स्विफ्ट कार क्रमांक MP 34 CA 6013 को भी जब्त किया गया है।

मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वहीं फरार आरोपी आर्यन, बारिस कुरैशी, आकाश कुरैशी, पशु आजाद कुरैशी और नईम कुरैशी की तलाश जारी है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

About The Author