पथरिया के खैजरा खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं का आरोप, बिना सर्वेयर-ऑपरेटर के हो रही गेहूं खरीदी..

Spread the love

पथरिया के खैजरा खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं का आरोप, बिना सर्वेयर-ऑपरेटर के हो रही गेहूं खरीदी..


दमोह। जिले के पथरिया क्षेत्र अंतर्गत खैजरा गेहूं खरीदी केंद्र पर भारी अनियमितताओं और अव्यवस्थाओं के आरोप सामने आए हैं। किसानों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि खरीदी केंद्र प्रभारी रामप्रसाद पटेल तथा समिति मैनेजर सालू कोरी के संरक्षण में नियमों को दरकिनार कर गेहूं खरीदी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि खरीदी केंद्र पर “नान एफक्यू” श्रेणी का गेहूं भी खरीदा जा रहा है, जबकि गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया मौके पर दिखाई नहीं दी। सबसे बड़ी बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान न तो केंद्र पर सर्वेयर मौजूद मिला और न ही ऑपरेटर। वहीं केंद्र प्रभारी भी मौके से नदारद बताए गए।
स्थानीय किसानों का कहना है कि खरीदी केंद्र पर किसानों और व्यापारियों को पहले से ही बोरियां उपलब्ध करा दी जाती हैं और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से सीधे गेहूं की पलटी कर खरीदी की जा रही है। इससे खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मौके पर मौजूद चपरासी आनंद सिंह ने बताया कि केंद्र प्रभारी समिति कार्यालय में बैठे हैं और वहीं जाकर उनसे मुलाकात की जा सकती है। जानकारी के अनुसार केंद्र पर अब तक करीब 24 हजार 300 क्विंटल गेहूं की खरीदी हो चुकी है।
किसानों ने आरोप लगाया कि खरीदी प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा और व्यापारी भी किसानों के नाम पर गेहूं बेच रहे हैं। यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो शासन को बड़े स्तर पर आर्थिक नुकसान हो सकता है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। किसानों ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

About The Author