विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, मेडिकल कॉलेज और सीएम राइज स्कूल समय सीमा में पूर्ण कराने पर जोर..

Spread the love

विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, मेडिकल कॉलेज और सीएम राइज स्कूल समय सीमा में पूर्ण कराने पर जोर

प्रभारी मंत्री ने समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, कार्यों की गुणवत्ता पर बनेगी कमेटी

गैसाबाद ब्यारमा ब्रिज, नहर सफाई, योग कार्यक्रम और जल योजनाओं पर विशेष फोकस

दमोह।
प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री ने जिले के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज और सांदीपनि स्कूल (सीएम राइज) के सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जुड़ी सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के कार्य भी तेज गति से पूरे किए जाएं। साथ ही नगर के दोनों आरओबी की लाइट व्यवस्था और सड़क सुधार कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री , पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री , विधायक , विधायक , कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रभारी मंत्री ने गैसाबाद ब्यारमा नदी पर बन रहे ब्रिज का कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। झापन ब्यारमा नदी के पुल कार्य की भी समीक्षा कर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना और मसूर खरीदी की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों को भुगतान समय पर मिलना चाहिए और खरीदी के बाद भंडारण व परिवहन कार्य में तेजी लाई जाए। आवश्यकता होने पर अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने बताया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज के लिए 16 करोड़ रुपए स्वीकृत हो चुके हैं और कार्य शीघ्र शुरू कराए जाएं। साथ ही महाविद्यालयों में बाउंड्रीवॉल, फर्नीचर और स्मार्ट क्लास लैब हेतु प्रस्ताव भेजने को कहा। प्रभारी मंत्री ने जिले में सोलर और प्लंबर ट्रेड की ट्रेनिंग शुरू कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पंचायत स्तर पर लंबित और अपूर्ण कार्यों की ब्लॉकवार समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

महिला सशक्तिकरण योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजनाओं से समाज में आए बदलाव का सर्वे कराया जाए। साथ ही जल निगम, स्वास्थ्य विभाग और अन्य योजनाओं के प्रभाव का अध्ययन करने के निर्देश दिए।

आयुष विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले के सभी 15 आयुष अस्पतालों में नियमित योग कार्यक्रम संचालित कराने के निर्देश दिए और गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर दिया।

राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने पारना जलाशय और नवीन आरोग्य केंद्र तारादेही के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पेयजल संकट को देखते हुए हैंडपंप मरम्मत और पाइपलाइन विस्तार कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।

राज्यमंत्री लखन पटेल ने जल संसाधन और जल निगम विभाग की अलग बैठक कर समीक्षा करने तथा तालाबों से जुड़ी नई नहर परियोजनाओं के लिए डीपीआर तैयार कराने की बात कही। विधायक जयंत मलैया ने बारिश पूर्व नहरों की सफाई और जलाशयों की मरम्मत कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया।

About The Author