जिला कलेक्टर प्रताप नारायण यादव का जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण, मरीजों से जाना हाल..
दमोह. जिला कलेक्टर प्रताप नारायण यादव शुक्रवार को आकस्मिक रूप से जिला अस्पताल पहुंचे और वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाइयों और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
बताया गया है कि कलेक्टर श्री यादव वृद्ध आश्रम के निरीक्षण के बाद सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। बिना पूर्व सूचना के पहुंचे कलेक्टर को देखकर अस्पताल प्रबंधन में हलचल मच गई। उन्होंने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण करते हुए भर्ती मरीजों से उपचार की स्थिति पूछी। मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल में मिल रहे इलाज और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, वार्डों की व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
इसी दौरान जब कलेक्टर अस्पताल से बाहर निकल रहे थे, तब सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर श्री यादव ने उनसे चर्चा करते हुए कहा कि अस्पताल में व्यवस्थाएं अच्छी हैं और इन्हें और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएं।
कलेक्टर के अचानक निरीक्षण से अस्पताल स्टाफ में सतर्कता देखी गई। निरीक्षण को लेकर आम लोगों ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और उम्मीद जताई कि ऐसे निरीक्षणों से स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार होगा।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..