25 वर्षों बाद शनिवार को मनाई जा रही शनि जयंती, दमोह के शनि मंदिरों में विशेष आयोजन आज..
दमोह. ज्येष्ठ मास की अमावस्या पर इस वर्ष शनिवार, 16 मई को शनि जयंती का विशेष संयोग बन रहा है। खास बात यह है कि करीब 25 वर्षों बाद शनि जयंती शनिवार के दिन पड़ रही है, जिससे इसका धार्मिक महत्व और बढ़ गया है। इसी दिन ज्येष्ठ अमावस्या एवं वट सावित्री व्रत का भी शुभ संयोग बन रहा है, जिसे श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत फलदायी माना जा रहा है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शनिदेव का जन्म ज्येष्ठ अमावस्या के दिन हुआ था, इसलिए प्रतिवर्ष इस तिथि को शनि जयंती मनाई जाती है। विद्वानों के अनुसार इस बार शनिवार और शनि जयंती का दुर्लभ संयोग बनने से पूजा-अर्चना और दान-पुण्य का विशेष महत्व रहेगा।
श्री शिव शनि हनुमान मंदिर में होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
एसपीएम नगर स्थित श्री शिव शनि हनुमान मंदिर में शनि जयंती के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंदिर के पुजारी पं. बालकृष्ण शास्त्री एवं आचार्य पं. आशुतोष गौतम शास्त्री के अनुसार श्रद्धालु सुबह स्नान के बाद शनिदेव को तेल, काली उड़द, तिल, माला एवं प्रसाद अर्पित कर शनि चालीसा का पाठ करें तो विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
उन्होंने बताया कि शनि जयंती पर गरीब एवं जरूरतमंदों को दान देने से जीवन के संकट दूर होते हैं और शनिदेव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। वहीं अमावस्या तिथि पितरों के तर्पण, श्राद्ध एवं पिंडदान के लिए भी अत्यंत शुभ मानी गई है।
शाम को हवन, महाआरती और विशाल भंडारा
मंदिर समिति के अनुसार शनिवार को शाम 4 बजे से हवन एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद शाम 6 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा। साथ ही सिंगपुर की प्रसिद्ध रामधुन मंडली द्वारा शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक भजन एवं धार्मिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
श्री शिव साईं धाम में प्रथम श्री शनि जयंती महामहोत्सव आज, पूजन-हवन और विशाल भंडारे का आयोजन..
दमोह। शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल वेलाताल टापू में शनिवार 16 मई 2026 को प्रथम श्री शनि जयंती महामहोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन के तहत सुबह 8 बजे से 9 बजे तक भगवान शनिदेव का विधि-विधान से पूजन एवं अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक हवन एवं महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
धार्मिक कार्यक्रमों के उपरांत दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया है, जिसमें सभी भक्तजन सपरिवार एवं इष्टमित्रों सहित प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।
इस धार्मिक आयोजन का संयोजन पंडित श्री कमलेश्वरानंद जी महाराज एवं श्री शिव साईं सेवाभाव परिवार, वेलाताल टापू दमोह द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।



More Stories
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसपी आनंद कलादगी ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी आनंद कलादगी ने घोषित किया 10 हजार रुपये का इनाम..
कोतवाली चौराहे पर उतरे एसपी आनंद कलादगी, सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती..