जेरठ गांव में दर्दनाक हादसा: सल्फास की दुर्गंध से दो मासूमों की मौत, मां की हालत गंभीर..
दमोह. जिले के पथरिया थाना अंतर्गत जेरठ गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कथित रूप से सल्फास की दुर्गंध के कारण दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार जेरठ गांव निवासी दामोदर लोधी की 10 वर्षीय पुत्री भावना लोधी तथा डोमन लोधी का 6 वर्षीय पुत्र समीर लोधी घर में सोए हुए थे। बताया जा रहा है कि घर में अनाज में सल्फास रखी हुई थी, जिसकी दुर्गंध से बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन तत्काल दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया लेकर पहुंचे, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया।
शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे दोनों बच्चों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर डॉ. बहादुर सिंह ने जांच एवं ईसीजी के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में बच्चों की मां की भी हालत बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जेरठ चौकी प्रभारी गोपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


More Stories
तेजगढ़ में शराब पीने से युवक की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती..
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश..जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही से करें काम : कलेक्टर यादव..
दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, 460 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना..