कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की पहल बनी बुजुर्गों के लिए राहत, 8 माह से बंद पेंशन फिर हुई शुरू..
दमोह। जिला कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की पहल पर जिले में “एक सेवा एवं आशीर्वाद अभियान” की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत लंबे समय से बंद वृद्धावस्था पेंशन के मामलों का निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में सिविल वार्ड निवासी वृद्ध महिला फूलबाई को आठ माह से बंद पेंशन दोबारा शुरू कराते हुए लंबित राशि उनके खाते में ट्रांसफर कराई गई।
जनसुनवाई बनी फूलबाई के लिए वरदान..
फूलबाई ने पिछले सप्ताह आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर श्री यादव को बताया था कि उन्हें पिछले आठ महीनों से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच में पता चला कि समग्र e-KYC नहीं होने के कारण अगस्त 2025 से उनकी पेंशन बंद थी। महिला के पास मोबाइल फोन नहीं था और आधार कार्ड में मोबाइल नंबर लिंक न होने के कारण e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी।
कलेक्टर श्री यादव ने तत्काल कलेक्ट्रेट परिसर स्थित आधार सुविधा केंद्र में महिला की बायोमेट्रिक प्रक्रिया कराकर समग्र e-KYC पूर्ण कराई और रुकी हुई पेंशन पुनः शुरू कराई।
घर पहुंचकर सौंपा स्वीकृति पत्र..
शुक्रवार को कलेक्टर स्वयं फूलबाई के घर पहुंचे और उन्हें पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपा। साथ ही आठ माह की लंबित पेंशन राशि 4 हजार 800 रुपये उनके खाते में ट्रांसफर कराई गई। पेंशन मिलने पर फूलबाई भावुक हो गईं और कलेक्टर को आशीर्वाद दिया।
इस दौरान कलेक्टर ने वार्ड के अन्य नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित वार्ड पार्षद को उनके निराकरण के निर्देश दिए।
1600 से अधिक प्रकरणों का होगा निराकरण
कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि जिले में “एक सेवा एवं आशीर्वाद अभियान” के तहत वृद्धजनों से जुड़े 1600 से अधिक लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिलना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
वृद्धाश्रम पहुंचे कलेक्टर, बंद पेंशन शुरू कर बुजुर्गों से मांगी माफी..
पूर्व में कलेक्टर श्री यादव ने जिले के वृद्धाश्रम का भी निरीक्षण किया था। वहां बुजुर्गों ने बताया कि उनकी वृद्धावस्था पेंशन पिछले आठ महीनों से बंद थी और कई बार आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।
कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर आधार सत्यापन एवं e-KYC की प्रक्रिया पूरी कराई और लंबित पेंशन पुनः शुरू कराई। इसके बाद बुजुर्गों को पेंशन स्वीकृति आदेश सौंपे गए।
इस दौरान कलेक्टर श्री यादव ने प्रशासनिक व्यवस्था की कमी स्वीकार करते हुए बुजुर्गों से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की धरोहर हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करना प्रशासन का दायित्व है।
कलेक्टर की इस पहल पर वृद्धजनों ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।



More Stories
लुहर्रा में जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, किसान ने तहसीलदार से लगाई न्याय की गुहार..
वृद्धजनों की सेवा हमारा सौभाग्य: कलेक्टर यादव, ई-केवाईसी रहेगी पूरी तरह निःशुल्क..तीन दिन में दूर हों जल आपूर्ति की सभी समस्याएं, हर घर तक पहुंचे पानी: कलेक्टर यादव..
भीषण गर्मी में बिजली संकट से जनता बेहाल, नाराज नागरिक पहुंचे विद्युत मंडल कार्यालय..